menu-icon
India Daily

कोहली-युवराज के इस साथी क्रिकेटर का 36 की उम्र में निधन, क्रिकेट जगत में छाया मातम

एक पूर्व भारतीय क्रिकेटर का 36 साल की आयु में निधन हो गया है. विराट कोहली और युवजराज सिंह ने शोक व्यक्त किया.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
कोहली-युवराज के इस साथी क्रिकेटर का 36 की उम्र में निधन, क्रिकेट जगत में छाया मातम
Courtesy: X

क्रिकेट जगत के लिए एक दुखभरी खबर सामने आ रही है. U-19 तेज गेंदबाज अमनप्रीत सिंह गिल का 36 साल की उम्र में निधन. हो गया है. इन्होंने घरेलू क्रिकेट में पंजाब का प्रतिनिधित्व भी किया था. इस खबर के बाद विराट कोहली और युवजराज सिंह ने शोक व्यक्त किया.

अंडर-19 के दिनों का शानदार सफर

सितंबर 1989 में चंडीगढ़ में जन्मे अमनप्रीत सिंह गिल ने बचपन से ही क्रिकेट की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाने का सपना देखा था. उन्होंने पंजाब के लिए घरेलू क्रिकेट खेला और अपनी धारदार तेज गेंदबाजी से सभी को प्रभावित किया. उनका सबसे यादगार पल साल 2007 में आया. उन्होंने श्रीलंका में आयोजित अंडर-19 ट्राई-सीरीज में भारत का प्रतिनिधित्व किया. वहां वह विराट कोहली और मनीष पांडे के साथ खेले. उन्होंने पांच मैचों में शानदार नौ विकेट झटके और बांग्लादेश के खिलाफ फाइनल में मैच जिताऊ प्रदर्शन करके अपनी काबिलियत साबित की थी.

विराट और युवराज ने जताया दुख

अमनप्रीत गिल के अचानक निधन की दुखद खबर से उनके पुराने साथी खिलाड़ी बेहद भावुक हैं. भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने उनके साथ अंडर-19 ड्रेसिंग रूम साझा किया था. उन्होंने गहरा दुख जताया. उन्होंने लिखा कि वे इस खबर से पूरी तरह स्तब्ध हैं और उनके परिवार के लिए प्रार्थना कर रहे हैं. वहीं, पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह ने भी उन्हें याद करते हुए लिखा कि उन्होंने शुरुआती दिनों में साथ वक्त बिताया था. युवराज ने उन्हें एक बेहद शांत और मेहनती क्रिकेटर बताया, जिसे इस खेल से बहुत ज्यादा प्यार था.

आईपीएल और पंजाब क्रिकेट में योगदान

घरेलू क्रिकेट में अपने शानदार प्रदर्शन की बदौलत अमनप्रीत ने इंडियन प्रीमियर लीग में भी अपना कदम रखा था. उन्हें किंग्स इलेवन पंजाब की टीम के साथ कुछ समय बिताने का सुनहरा मौका मिला था. क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद भी वे इस शानदार खेल से कभी दूर नहीं हुए. उन्होंने पंजाब की सीनियर चयन समिति के अहम सदस्य के रूप में अपनी महत्वपूर्ण सेवाएं दीं, जहां उन्होंने अपने गहरे अनुभव का इस्तेमाल करते हुए राज्य के युवा क्रिकेटरों के विकास में अपना बहुत बड़ा और अहम योगदान दिया था.