बिहार और झारखंड से आयकर विभाग को वित्त वर्ष 2025-26 में करीब 20,000 करोड़ रुपए का टैक्स कलेक्शन मिला है. इस दौरान भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी दोनों राज्यों में सबसे अधिक व्यक्तिगत टैक्स देने वाले व्यक्ति रहे. यह जानकारी आयकर विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने दी.
इनकम टैक्स विभाग के प्रिंसिपल चीफ कमिश्नर D. Sudhakar Rao ने मीडिया से बातचीत में बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान बिहार और झारखंड से कुल मिलाकर लगभग 20,000 करोड़ रुपए का टैक्स जमा हुआ. इसमें अकेले झारखंड का योगदान करीब 12,000 रुपए करोड़ रहा. अधिकारियों के अनुसार कोयला, खनन और सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों की वजह से झारखंड का योगदान ज्यादा रहा. राव ने कहा कि कुल कलेक्शन का लगभग 70 प्रतिशत हिस्सा TDS के माध्यम से प्राप्त हुआ.
आयकर विभाग ने बताया कि पिछले वित्त वर्ष में महेंद्र सिंह धोनी बिहार और झारखंड को मिलाकर सबसे अधिक व्यक्तिगत टैक्स देने वाले व्यक्ति रहे. विभाग ने उनके टैक्स रिटर्न या कुल भुगतान की राशि सार्वजनिक नहीं की. धोनी लंबे समय से झारखंड के सबसे चर्चित चेहरों में शामिल हैं और उनकी कमाई विज्ञापन, ब्रांड एंडोर्समेंट, निवेश और खेल गतिविधियों से जुड़ी हुई है. विभाग के इस खुलासे के बाद सोशल मीडिया पर भी धोनी को लेकर चर्चा तेज हो गई.
नए इनकम टैक्स एक्ट पर जोर
आयकर विभाग ने बताया कि बिहार और झारखंड में करीब 5.5 करोड़ PAN कार्ड धारक हैं, लेकिन इनमें से केवल 40 लाख लोग ही नियमित रूप से आयकर रिटर्न दाखिल करते हैं. इसी को ध्यान में रखते हुए विभाग नए इनकम टैक्स एक्ट 2025 को लेकर जागरूकता अभियान चलाने की तैयारी कर रहा है. यह नया कानून 1 अप्रैल से लागू होगा और पुराने इनकम टैक्स एक्ट 1961 की जगह लेगा.
अधिकारियों के अनुसार नया कानून सरल भाषा और आसान नियमों के साथ तैयार किया गया है ताकि आम लोगों को टैक्स प्रक्रिया समझने में आसानी हो. विभाग बैंकों, PSUs और अन्य संस्थानों के साथ मिलकर कई जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करेगा.