मुंबई की भागदौड़ और शोबिज की चकाचौंध को पीछे छोड़ते हुए एक एक्ट्रेस ने एक ऐसा अलग ही रास्ता चुन लिया. एक्ट्रेस ने बताया कि उनके सपने में प्रेमानंद महाराज आए थे और उनको वृंदावन बुलाया. अब वे वृंदावन में रहती हैं और मानती हैं कि यह उनका फैसला नहीं, बल्कि श्रीजी और ठाकुर जी की विशेष कृपा है. उन्हें मायानगरी से खींचकर इस पवित्र भूमि पर बुलाया.
एना की आध्यात्मिक यात्रा मुंबई में बालाजी टेलीफिल्म्स के एक एक्टिंग कोर्स के दौरान शुरू हुई थी. वह दोस्तों के साथ पहली बार इस्कॉन मंदिर गईं. वहां भगवत गीता का ज्ञान सुनकर उन्हें समझ आया कि भगवान के नाम का जाप ही जीवन का उद्धार कर सकता है. इसी दौरान उन्होंने सात्विक जीवनशैली अपनाई और प्याज-लहसुन छोड़ दिया.
अपने करियर में एना ने सावधान इंडिया और देखा एक ख्वाब जैसे टीवी शो में काम किया था. अरुणा ईरानी जैसी दिग्गज अदाकारा के साथ काम करते हुए चिक्की के किरदार से उन्हें काफी पहचान मिली. सफलता मिलने के बावजूद वे सुकून की तलाश में थीं और कई रातें रोते हुए गुजार देती थीं. उन्हें अहसास हुआ कि मुंबई की जिंदगी केवल दिखावे की है.
वृंदावन आने के बाद एना के रहन-सहन और विचारों में बहुत बड़ा बदलाव आ गया है. आज वह मुंबई के फैशनेबल कपड़ों की जगह बिल्कुल साधारण वस्त्र पहनना पसंद करती हैं. उनके गले में हमेशा तुलसी की माला और कानों में तुलसी के कुंडल नजर आते हैं. माथे पर राधावल्लभ संप्रदाय का खास तिलक हमेशा सजा रहता है.
एना के जीवन का सबसे बड़ा आध्यात्मिक मोड़ तब आया जब वे गुरु की तलाश में बेचैन थी. बहुत घबराहट के दौर से गुजरते हुए उन्होंने श्रीजी से सही मार्गदर्शन मांगा. उनकी यह पुकार सुनी गई और संत प्रेमानंद महाराज उनके सपने में आए. महाराज जी ने उन्हें सपने में ही नाम जप का गुरु मंत्र दिया.