menu-icon
India Daily

IPL में हनी ट्रैप अलर्ट, BCCI का सख्त एक्शन; खिलाड़ियों के रूम पर लगाया ताला!

वेपिंग विवाद और लगातार प्रोटोकॉल उल्लंघन के बाद BCCI ने IPL टीमों, खिलाड़ियों और मालिकों के लिए सख्त नियम जारी किए हैं. जानें नियम तोड़ने पर क्या हो सकती है कार्रवाई.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
IPL में हनी ट्रैप अलर्ट, BCCI का सख्त एक्शन; खिलाड़ियों के रूम पर लगाया ताला!
Courtesy: Pinterest

नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग के मौजूदा सीजन के दौरान लगातार सामने आ रहे प्रोटोकॉल उल्लंघन के मामलों के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने सभी 10 फ्रेंचाइजियों के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं. BCCI ने खिलाड़ियों, सपोर्ट स्टाफ और टीम मालिकों को अनुशासन और सुरक्षा नियमों का पालन करने की चेतावनी दी है.

BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने सभी फ्रेंचाइजियों को आठ पन्नों की एडवाइजरी भेजी है. इसमें कहा गया है कि मौजूदा सीजन में कई ऐसे मामले सामने आए हैं, जिससे टूर्नामेंट की छवि खराब हो सकती है. इसके अलावा सुरक्षा और कानूनी जोखिम भी बढ़ सकते हैं.

BCCI की क्या है सबसे बड़ी चिंता?

BCCI ने सबसे बड़ी चिंता खिलाड़ियों के होटल रूम में अनधिकृत लोगों की एंट्री को लेकर जताई है. बोर्ड ने साफ कहा है कि बिना टीम मैनेजर की लिखित मंजूरी के किसी भी बाहरी व्यक्ति को खिलाड़ी या सपोर्ट स्टाफ के कमरे में जाने की अनुमति नहीं होगी. केवल होटल की सार्वजनिक जगहों पर ही  मेहमानों से मुलाकात की जा सकेगी.

इसके अलावा खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के बिना जानकारी होटल छोड़ने के मामलों पर भी सख्ती की गई है. अब किसी भी खिलाड़ी को होटल से बाहर जाने से पहले सिक्योरिटी लायजन ऑफिसर या टीम इंटीग्रिटी ऑफिसर को जानकारी देनी होगी.

BCCI ने क्या कहा?

BCCI ने टीम मालिकों को भी फटकार लगाई है. बोर्ड ने कहा कि कुछ फ्रेंचाइजी मालिक मैच के दौरान खिलाड़ियों से मिलने, उन्हें गले लगाने या डगआउट तक पहुंचने की कोशिश कर रहे थे, जो नियमों का उल्लंघन है. अब इस पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है.

क्या लिया जा सकता है एक्शन?

हाल ही में राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग के ड्रेसिंग रूम में वेपिंग करते दिखने और युजवेंद्र चहल के ई सिगरेट इस्तेमाल करने के आरोपों के बाद BCCI ने वेपिंग पर भी पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया है. बोर्ड ने कहा कि भारतीय कानून के तहत ई सिगरेट प्रतिबंधित है.

अब टीम मैनेजर को 48 घंटे के भीतर सभी खिलाड़ियों और स्टाफ की बैठक लेकर नए नियम समझाने होंगे. BCCI ने साफ कर दिया है कि नियम तोड़ने वालों पर जुर्माना, निलंबन या कानूनी कार्रवाई भी हो सकती है.

Topics