मिड-डे मील खा को लेकर अकसर कुछ न कुछ होता रहता है. एक ऐसे ही चौंकाने वाली घटना में मील खाने के बाद बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों की तबीयत बिगड़ गई. बताया जा रहा है कि मिडिल स्कूल में बच्चों को परोसे गए भोजन में एक छोटा सांप था. सांप मिलने की बात सुनते ही पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया. खाना खाने के कुछ ही देर बाद कई बच्चों ने पेट दर्द और घबराहट की शिकायत की। स्थिति बिगड़ने पर बच्चों को अस्पताल पहुंचाया गया.
गुरुवार को बिहार के बलुआहा मिडिल स्कूल में हर दिन की तरह बच्चों को दोपहर का भोजन परोसा जा रहा था. यह मिड-डे मील एक NGO की ओर से सप्लाई किया गया था. बच्चों ने जैसे ही खाना शुरू किया, तभी एक छात्र को उसकी प्लेट में छोटा सांप दिखाई दिया. यह खबर फैलते ही स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई. कई बच्चे डर गए और कुछ ही देर में छात्रों ने पेट दर्द, बेचैनी और उल्टी जैसी शिकायतें शुरू कर दीं.
दर्जनों बच्चे एक साथ बीमार पड़ने लगे तो स्कूल प्रशासन ने तुरंत पुलिस और स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी. कुछ ही समय में पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और कई बच्चों को अपने वाहनों से नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. इसके बाद एम्बुलेंस भी स्कूल पहुंचीं और बाकी बच्चों को अस्पताल ले जाया गया. अस्पतालों में बच्चों और उनके अभिभावकों की भारी भीड़ जमा हो गई. कई बच्चों की हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें तुरंत उपचार देना शुरू किया.
घटना के बाद जिलाधिकारी की ओर से उस NGO केंद्र पर जांच टीम भेजी गई है. अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि भोजन तैयार करने और सप्लाई करने में कहीं लापरवाही तो नहीं हुई. खाने के नमूनों को जांच के लिए भेज दिया गया है. प्रशासन ने कहा है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि बच्चों की तबीयत बिगड़ने की असली वजह क्या थी.