menu-icon
India Daily

विधानसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस ने कसी कमर, स्क्रीनिंग कमेटी का किया गठन; प्रियंका गांधी को इस राज्य की मिली जिम्मेदारी

प्रियंका गांधी वाड्रा को असम की जिम्मेदारी दी गई है. पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने उन्हें असम के लिए गठित स्क्रीनिंग कमेटी का चेयरपर्सन नियुक्त किया है.

Anuj
Edited By: Anuj
विधानसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस ने कसी कमर, स्क्रीनिंग कमेटी का किया गठन; प्रियंका गांधी को इस राज्य की मिली जिम्मेदारी

नई दिल्ली: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) ने इस साल अलग-अलग राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर स्क्रीनिंग कमेटी का गठन किया है. इनमें केरल, असम, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल के साथ केंद्र शासित प्रदेश पुदुचेरी भी शामिल हैं. इसके साथ ही पार्टी ने वायनाड सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा को एक बड़ी और अहम जिम्मेदारी सौंपी है. इस संबंध में कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने आधिकारिक सूचना जारी की है. 

प्रियंका गांधी वाड्रा को अहम जानकारी

प्रियंका गांधी वाड्रा को असम की जिम्मेदारी दी गई है. पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने उन्हें असम के लिए गठित स्क्रीनिंग कमेटी का चेयरपर्सन नियुक्त किया है. प्रियंका गांधी वाड्रा के नेतृत्व में असम की चार सदस्यीय कमेटी में लोकसभा सांसद सप्तगिरि शंकर उलाका, सांसद इमरान मसूद और डॉ. सिरिवेल्ला प्रसाद को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है. इस कमेटी का मुख्य उद्देश्य असम में चुनावी तैयारियों और उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया का नेतृत्व करना है. 

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने की नियुक्ति

पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बीके हरिप्रसाद को स्क्रीनिंग कमेटी का प्रमुख नियुक्त किया है. बीके हरिप्रसाद कर्नाटक के विधान परिषद सदस्य हैं. उनके साथ लोकसभा सांसद डॉ. मोहम्मद जावेद, झारखंड विधायक ममता देवी और बीपी सिंह को सदस्य के रूप में चुना गया है. यह कमेटी पश्चिम बंगाल में पार्टी की रणनीति और उम्मीदवार चयन में अहम भूमिका निभाएगी।

स्क्रीनिंग कमेटी के प्रमुख बने मधुसूदन मिस्त्री

केरल में पूर्व राज्यसभा सांसद मधुसूदन मिस्त्री को पार्टी की स्क्रीनिंग कमेटी का प्रमुख बनाया गया है. उनके साथ कर्नाटक से राज्यसभा सांसद डॉ. सैयद नसीर हुसैन, राज्यसभा सांसद नीरज डांगी और कांग्रेस नेता अभिषेक दत्त सदस्य के रूप में शामिल होंगे. यह कमेटी केरल में चुनावी तैयारियों की जिम्मेदारी संभालेगी.

विधानसभा चुनाव की तैयारी

तमिलनाडु और पुदुचेरी में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ के पूर्व कैबिनेट मंत्री टीएस सिंह देव को स्क्रीनिंग कमेटी का नेतृत्व सौंपा है. उनके साथ महाराष्ट्र की पूर्व कैबिनेट मंत्री यशोमति ठाकुर, राज्यसभा सांसद जीसी चंद्रशेखर और अनिल कुमार यादव सदस्य के रूप में होंगे.

यह कमेटी तमिलनाडु और पुदुचेरी में उम्मीदवारों के चयन और चुनावी रणनीति तय करने में मदद करेगी. कांग्रेस पार्टी ने प्रत्येक राज्य और केंद्र शासित प्रदेश के चुनाव के लिए अलग-अलग स्क्रीनिंग कमेटी बनाकर चुनावी तैयारियों को प्रभावी और सुव्यवस्थित करने की दिशा में कदम उठाया है.