नई दिल्ली: क्या आपने कभी ट्रेन में लंबी दूरी की यात्रा की है? अगर हां, तो यह खबर आपके लिए है. रात का सफर आमतौर पर आसान होता है, क्योंकि सोते समय सफर जल्दी कट जाता है. वहीं, दूसरी तरफ दिन का सफर कई बार थकान भरा हो जाता है. कई बार लोग रात का सफर करते समय कुछ गलतियां कर बैठते हैं. रेलवे ने रात की यात्रा के लिए कुछ नियम बनाए हैं, जिनका पालन करना जरूरी है. अगर ऐसा नहीं किया जाता है तो रेलवे आप पर जुर्माना लगा सकता है.
कई बार लोग ऐसी कुछ हरकतें करने लगते हैं, जिससे सभी की नींद खराब हो जाती है. अगर आप रात की यात्रा कर रहे हैं तो आपकी भी उतनी ही जिम्मेदारी होती है, जितनी रेलवे की आपकी तरफ. तो चलिए जानते हैं उन बातों के बारे में, जो आपको ट्रेन में लंबे सफर के दौरान नहीं करना चाहिए.
अगर आप रात में ट्रेन में सफर कर रहे हैं और इस दौरान फोन पर तेज आवाज में बात करते हैं, तो आपके खिलाफ शिकायत दर्ज की जा सकती है. इससे आस-पास के लोगों की नींद खराब होने लगती है और वो शिकायत कर सकते हैं.
अगर आप ट्रेन में लाउडस्पीकर पर गाना बजाते हैं या फिर फोन पर तेज आवाज में वीडियो देखते हैं, तो आपको अपनी ये आदत बदलनी होगी. हमेशा ईयरफोन का इस्तेमाल करें जिससे दूसरों को कोई दिक्कत न हो.
रात के समय कोच में बड़ी लाइट्स बंद कर दी जाती हैं. इससे लोगों को सोने में मदद मिलती है. इस दौरान केवल नाइट लाइट की ऑन रहती है. अगर आपको कुछ पढ़ना है या फिर कुछ देखना है तो आपको नाइट लाइट का ही इस्तेमाल करना होगा.
रात 10 बजे के बाद अगर मिडिल बर्थ पर सफर करने वाला यात्री सोना चाहे तो लोअर बर्थ वाला उसे रोक नहीं सकता. यह रेलवे का साफ नियम है.
वैसे तो रात के 10 बजे से लेकर सुबह 6 बजे तक टीटीई टिकट चेक करने नहीं आता है, लेकिन अगर इस दौरान कोई यात्री ट्रेन में चढ़ता है तो उसकी टिकट जरूर चेक की जा सकती है. इसलिए आपको टिकट हमेशा साथ रखना चाहिए.
ट्रेन में रात 10 बजे के बाद बाहर से खाना मंगवाना मुश्किल हो जाता है क्योंकि डिलीवरी देर से पहुंचती है. बेहतर है कि आप पहले से IRCTC के e-catering ऐप से खाना प्री-ऑर्डर कर लें.