menu-icon
India Daily

कब मिलेगी राहत? कच्चा तेल सस्ता लेकिन पेट्रोल-डीजल अभी भी महंगा! जानें आने वाले दिनों में कैसी होगी स्थिति

कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के बावजूद रविवार को पेट्रोल और डीजल के दामों में कोई बदलाव नहीं हुआ. चंडीगढ़ में डीजल 89.47 रुपये प्रति लीटर है. केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री ने भविष्य में कीमतों में कटौती की संभावना जताई है.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
कब मिलेगी राहत? कच्चा तेल सस्ता लेकिन पेट्रोल-डीजल अभी भी महंगा! जानें आने वाले दिनों में कैसी होगी स्थिति
Courtesy: Pinterest

नई दिल्ली: देशभर में रविवार को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया. अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आने के बावजूद आम लोगों को फिलहाल ईंधन की कीमतों में राहत नहीं मिली है. तेल कंपनियों ने आज भी पेट्रोल और डीजल के रेट पुराने स्तर पर ही बनाए रखे हैं.

अंतरराष्ट्रीय बाजार में हाल के दिनों में कच्चे तेल की कीमतों में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है. कुछ समय पहले ब्रेंट क्रूड का भाव 110 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर पहुंच गया था, लेकिन अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम होने के बाद कीमतों में नरमी आई है. शुक्रवार को ब्रेंट क्रूड फ्यूचर्स 80 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आ गया. युद्ध शुरू होने से पहले कच्चे तेल का भाव लगभग 70 डॉलर प्रति बैरल के आसपास था.

केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री ने क्या कहा?

केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने संकेत दिए हैं कि भविष्य में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कमी देखने को मिल सकती है. उनका कहना है कि तेल विपणन कंपनियां पहले ऊंचे दाम पर खरीदे गए कच्चे तेल को प्रोसेस करके बेच रही हैं. जैसे-जैसे सस्ते कच्चे तेल का स्टॉक बाजार में आएगा, उसका लाभ उपभोक्ताओं तक पहुंच सकता है.

दिल्ली में कितना है दाम?

आज दिल्ली में पेट्रोल 102.12 रुपये प्रति लीटर और डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर पर बिक रहा है. मुंबई में पेट्रोल 111.18 रुपये और डीजल 97.83 रुपये प्रति लीटर है. कोलकाता में पेट्रोल 113.51 रुपये और डीजल 97.83 रुपये प्रति लीटर दर्ज किया गया. चेन्नई में पेट्रोल 107.77 रुपये और डीजल 99.55 रुपये प्रति लीटर है.

उत्तर प्रदेश के नोएडा में पेट्रोल 102.12 रुपये और डीजल 95.56 रुपये प्रति लीटर है, जबकि लखनऊ में पेट्रोल 101.89 रुपये और डीजल लगभग 95 रुपये प्रति लीटर के आसपास बना हुआ है. चंडीगढ़ में देश के प्रमुख शहरों की तुलना में डीजल सबसे सस्ता है, जहां इसका भाव 89.47 रुपये प्रति लीटर दर्ज किया गया है. वहीं हैदराबाद में पेट्रोल 115.73 रुपये और डीजल 103.82 रुपये प्रति लीटर के साथ सबसे महंगे शहरों में शामिल है.

कितनी हुई बढ़ोत्तरी?

पिछले महीने मई में तेल कंपनियों ने चार बार पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाए थे. मई के दौरान कुल मिलाकर लगभग 7.5 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई थी. हालांकि सरकार ने बाद में एक्साइज ड्यूटी में 10-10 रुपये प्रति लीटर की कटौती कर उपभोक्ताओं को राहत देने की कोशिश की थी.

विशेषज्ञों का मानना है कि यदि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें लगातार नीचे बनी रहती हैं, तो आने वाले दिनों में पेट्रोल और डीजल की खुदरा कीमतों में भी कमी देखने को मिल सकती है. फिलहाल उपभोक्ताओं को राहत के लिए थोड़ा और इंतजार करना पड़ सकता है.