menu-icon
India Daily

घर में न हो जाए दिल्ली के विवेक विहार जैसी अनहोनी, गर्मियों में AC को ब्लास्ट होने से बचाने के लिए करें ये उपाय

दिल्ली के विवेक विहार में एसी ब्लास्ट से लगी आग में 9 लोगों की जान चली गई. गर्मियों में बढ़ती गर्मी और लगातार चलने वाले एसी से ऐसे खतरे बढ़ जाते हैं.

reepu
Edited By: Reepu Kumari
घर में न हो जाए दिल्ली के विवेक विहार जैसी अनहोनी, गर्मियों में AC को ब्लास्ट होने से बचाने के लिए करें ये उपाय
Courtesy: Grok (प्रतिकात्मक)

नई दिल्ली: टेक्नोलॉजी हमे अगर आराम देती है तो थोड़ी सी चूक तबाही की वजह भी बन सकती है. दिल्ली के विवेक विहार में रविवार तड़के कुछ ऐसा ही हुआ. चार मंजिला मकान में लगी आग ने पूरे इलाके को झकझोर दिया. वजह एसी ब्लास्ट बताई जा रही है. अबतक 9 लोगों की जान जा चुकी है. इस घटना ने एक बार फिर याद दिलाया है कि बिना देखभाल के एसी चलाना कितना जोखिम भरा हो सकता है. अगर समय रहते सावधानी बरती जाए तो ऐसी दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है.

फिल्टर साफ रखें और वेंटिलेशन सुधारें

धूल भरे फिल्टर एयरफ्लो रोकते हैं, जिससे कम्प्रेसर ज्यादा मेहनत करता है और गर्म हो जाता है. हर पखवाड़े फिल्टर साफ करें. आउटडोर यूनिट पर सीधी धूप पड़ने से बचाएं और उसके आसपास खाली जगह रखें ताकि गर्म हवा आसानी से निकल सके.

वोल्टेज स्टेबलाइजर और सही वायरिंग का ध्यान

गर्मियों में वोल्टेज में उतार-चढ़ाव आम है. बिना स्टेबलाइजर के एसी न चलाएं. पुरानी या कमजोर वायरिंग बदलवाएं और डेडिकेटेड सर्किट पर ही कनेक्ट करें. एक्सटेंशन बोर्ड या ओवरलोडेड सॉकेट इस्तेमाल न करें.

लगातार न चलाएं, ब्रेक दें

एसी को घंटों तक बिना रुके न चलाएं. हर 2-3 घंटे में 10-15 मिनट का ब्रेक दें. सोते समय टाइमर लगाकर इस्तेमाल करें. इससे कम्प्रेसर को आराम मिलता है और ब्लास्ट जैसी घटना का जोखिम घटता है.

अन्य सावधानियां और इमरजेंसी प्लान

घर में स्मोक डिटेक्टर और फायर एक्सटिंग्विशर रखें. गैस लीक की आशंका पर तुरंत सर्विस सेंटर को बुलाएं. बच्चों और बुजुर्गों को एसी के आसपास खेलने-घूमने से रोकें. इन छोटी-छोटी बातों से आप अपने घर को सुरक्षित बना सकते हैं.

Disclaimer: यहां दी गई सभी जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है.  theindiadaily.com  इन जानकारियों की पुष्टि नहीं करता है. किसी भी जानकारी को अमल में लाने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह ले लें.