menu-icon
India Daily

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर बनबसा पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, उत्तराखंड को योग की वैश्विक राजधानी बनाने का लिया संकल्प

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर बनबसा में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड को योग और वेलनेस की वैश्विक राजधानी बनाने का संकल्प दोहराया.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर बनबसा पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, उत्तराखंड को योग की वैश्विक राजधानी बनाने का लिया संकल्प
Courtesy: X

चंपावत जिले के बनबसा मिनी स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन हुआ. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने योग साधकों और आम लोगों के साथ योगाभ्यास किया. इस दौरान उन्होंने उत्तराखंड को योग, अध्यात्म और वेलनेस का वैश्विक केंद्र बनाने की दिशा में सरकार की योजनाओं को सामने रखा.

योग-वेलनेस हब बनाने की तैयारी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड योग और आध्यात्मिक परंपराओं की भूमि है. इसी पहचान को और मजबूत करने के लिए राज्य सरकार लगातार काम कर रही है. उन्होंने बताया कि प्रदेश में योग और ध्यान केंद्रों को बढ़ावा देने के लिए विशेष योजनाएं लागू की गई हैं. सरकार की योग नीति के तहत केंद्र स्थापित करने वालों को आर्थिक सहायता भी दी जा रही है. साथ ही योग, ध्यान और प्राकृतिक चिकित्सा से जुड़े शोध कार्यों को प्रोत्साहन देने के लिए अनुदान की व्यवस्था की गई है. मुख्यमंत्री ने कहा कि योग केवल स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, जीवन को संतुलित बनाने की एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया है.

पांच नए योग हब

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में पांच नए योग हब विकसित किए जा रहे हैं. इसके साथ ही सभी आयुष हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों में योग सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं. उन्होंने कहा कि बनबसा क्षेत्र में योग दिवस का आयोजन शारदा नदी तट पर योग और आध्यात्मिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की सोच का हिस्सा है. मुख्यमंत्री ने शारदा कॉरिडोर परियोजना का भी उल्लेख किया और कहा कि इससे क्षेत्र में धार्मिक और पर्यटन गतिविधियों को नई पहचान मिलेगी. सरकार इस परियोजना के जरिए स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूत करने का लक्ष्य लेकर चल रही है.

युवाओं को दिया स्वस्थ जीवन का संदेश

मुख्यमंत्री धामी ने युवाओं से अपील की कि वे योग को केवल एक दिन का कार्यक्रम न मानें, इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं. उन्होंने कहा कि योग व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाता है. उन्होंने नशे जैसी बुराइयों से दूर रहने और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने पर भी जोर दिया. कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने ‘एक पौधा योग के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया. उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश के लोग उत्तराखंड को योग की वैश्विक पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे.