मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महोबा महोत्सव के दौरान विकास, सुरक्षा और विरासत को लेकर कई बड़े ऐलान किए. उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है और बुंदेलखंड को औद्योगिक, पर्यटन और रक्षा क्षेत्र में नई पहचान दिलाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है.
महोबा पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन की शुरुआत धार्मिक जयकारों के साथ की. उन्होंने बताया कि गोरखगिरि पर्वत क्षेत्र को पर्यटन और एडवेंचर गतिविधियों के बड़े केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा. यहां रोपवे परियोजना भी शुरू होने जा रही है, जिससे पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी. मुख्यमंत्री ने कहा कि महोबा की पहचान केवल इतिहास और वीरता तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि इसे विकास और आधुनिक सुविधाओं से भी जोड़ा जाएगा. उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे और अन्य परियोजनाओं ने इस क्षेत्र को नई रफ्तार दी है. साथ ही देसावरी पान और स्थानीय उत्पादों को भी नई पहचान मिल रही है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले प्रदेश में भूमाफिया, खनन माफिया और अन्य अपराधी तत्व हावी रहते थे लेकिन अब स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है. उन्होंने कहा कि आज अपराधी कानून के डर से कांपते हैं. योगी ने कहा कि पहले त्योहारों से पहले उपद्रव की आशंका रहती थी. वहीं अब प्रदेश में शांति और सुरक्षा का माहौल है. उन्होंने यह भी कहा कि सरकार ने हर घर जल योजना जैसी योजनाओं के जरिए लोगों की मूल समस्याओं को दूर करने का प्रयास किया है. जल संरक्षण के लिए पुराने तालाबों और जल स्रोतों को भी पुनर्जीवित किया जा रहा है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि बुंदेलखंड देश के रक्षा क्षेत्र में बड़ी भूमिका निभाने जा रहा है. उन्होंने बताया कि डिफेंस कॉरिडोर के जरिए यहां हथियार और रक्षा उपकरणों का निर्माण बढ़ेगा. उन्होंने कहा कि भविष्य में महोबा, झांसी, चित्रकूट और हमीरपुर इस क्षेत्र के बड़े केंद्र बनेंगे. योगी ने युवाओं से जुड़ी योजनाओं, मेडिकल कॉलेज, सिंचाई परियोजनाओं और सामूहिक विवाह योजना का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य बुंदेलखंड को विकास, रोजगार और आधुनिक सुविधाओं के मामले में देश के अग्रणी क्षेत्रों में शामिल करना है.