अशोकनगर: मध्य प्रदेश का अशोकनगर जिला अस्पताल एक बार फिर शर्मनाक कारणों से सुर्खियों में है. जहां इलाज के लिए लोग आते हैं, वहीं अब यह जगह कपल्स की अश्लील हरकतों का ठिकाना बनती जा रही है.
अस्पताल परिसर से दो नए वीडियो सामने आए हैं, जिनमें प्रेमी जोड़े खुलेआम अभद्र हरकतें करते दिख रहे हैं. इन घटनाओं के बाद अस्पताल प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है और जिम्मेदार सुरक्षाकर्मियों से जवाब मांगा जा रहा है.
पहला वीडियो अस्पताल परिसर के माधव उद्यान पार्क का बताया जा रहा है. वीडियो में एक युवक और युवती झाड़ियों की ओट में दिनदहाड़े आपत्तिजनक हरकतें करते हुए नजर आ रहे हैं. वहां से गुजर रहे लोगों ने जब यह दृश्य देखा, तो उन्होंने इसकी रिकॉर्डिंग कर ली. यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे अस्पताल प्रशासन की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.
दूसरा वीडियो अस्पताल के वेटिंग एरिया का बताया जा रहा है. रात के समय एक जोड़ा कंबल में छिपकर अश्लील हरकतें करता हुआ दिखा. वहां मौजूद लोगों ने जब इस दृश्य को देखा, तो उन्होंने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया. वीडियो सामने आते ही अस्पताल में हड़कंप मच गया और आरोपी कपल मौके से फरार हो गया.
जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. भूपेंद्र सिंह शेखावत ने इन घटनाओं पर अफसोस जताते हुए माना कि यह प्रशासनिक लापरवाही का परिणाम है. उन्होंने कहा कि अस्पताल जैसी संवेदनशील जगह पर इस तरह की घटनाएं बेहद शर्मनाक हैं. उन्होंने भरोसा दिलाया कि आगे से सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों.
अस्पताल प्रबंधन ने तत्काल प्रभाव से उस समय ड्यूटी पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों को तलब किया है. उनसे पूछा जाएगा कि ड्यूटी के दौरान परिसर में ऐसी हरकतें कैसे हुईं. सूत्रों के अनुसार, प्रबंधन इस घटना की आंतरिक जांच कर रहा है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सकती है.
यह कोई पहली बार नहीं है जब अशोकनगर जिला अस्पताल इस तरह के विवाद में घिरा है. कुछ समय पहले ही यहां के कर्मचारियों का अस्पताल परिसर में शराब पार्टी करते हुए वीडियो सामने आया था. लगातार हो रही इन घटनाओं ने अस्पताल की छवि को धूमिल कर दिया है और प्रशासन पर सवालिया निशान लगा दिए हैं.