सीहोर: मध्य प्रदेश के सीहोर जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. 27 वर्षीय मॉडल खुशबू अहिरवार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है.
बताया जा रहा है कि उसके प्रेमी कासिम ने उसे गंभीर हालत में अस्पताल छोड़ा और वहां से फरार हो गया. डॉक्टरों ने खुशबू को मृत घोषित कर दिया. परिवार ने आरोप लगाया कि उसकी हत्या की गई है और उसके शरीर पर चोटों के कई निशान हैं. फिलहाल पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
पुलिस के अनुसार खुशबू और उसका प्रेमी कासिम उज्जैन से भोपाल लौट रहे थे, तभी रास्ते में उसकी तबीयत बिगड़ गई. कासिम ने उसे सीहोर के भैंसखेड़ी स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया. लेकिन डॉक्टरों के पहुंचने से पहले ही वह वहां से गायब हो गया. डॉक्टरों ने खुशबू को मृत घोषित कर पुलिस को सूचना दी. फिलहाल कासिम फरार है और उसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें लगी हैं.
खुशबू की मां लक्ष्मी अहिरवार का कहना है कि उनकी बेटी की बेरहमी से पिटाई की गई थी. उन्होंने आरोप लगाया, 'उसके शरीर पर नीले निशान हैं, चेहरा सूजा हुआ है और निजी अंगों पर भी चोट के निशान हैं. मेरी बेटी की हत्या की गई है.' खुशबू की बहन ने भी यही दावा किया कि उसकी गला दबाकर हत्या की गई है और दोषियों को सख्त सजा मिलनी चाहिए.
परिवार के मुताबिक, घटना से तीन दिन पहले कासिम ने खुशबू की मां को फोन किया था. उसने कहा था, 'मैं मुस्लिम हूं, लेकिन आपकी बेटी मेरे साथ है. मैं उसे उज्जैन ले जा रहा हूं.' बाद में खुशबू ने भी मां से बात कर उन्हें आश्वस्त किया कि 'कासिम अच्छा इंसान है, चिंता मत करो.' लेकिन यही उसकी आखिरी कॉल साबित हुई.
खुशबू सोशल मीडिया पर ‘@DiamondGirl30’ नाम से जानी जाती थी. इंस्टाग्राम पर उसके हजारों फॉलोअर्स थे और वह भोपाल की लोकल मॉडलिंग सर्कल में तेजी से पहचान बना रही थी. उसने बीए की पढ़ाई बीच में छोड़ी थी और पिछले तीन साल से भोपाल में रह रही थी. उसकी मां ने कहा, 'वो हमेशा कहती थी- एक दिन मेरा नाम रोशन होगा.'
पुलिस ने कासिम के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पार्वालिया थाने के एक अधिकारी ने बताया कि पोस्टमार्टम गांधी मेडिकल कॉलेज में मजिस्ट्रियल निगरानी में कराया जा रहा है. अधिकारी ने कहा- 'घावों की प्रकृति देखकर हत्या या यौन हिंसा की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता. सभी एंगल पर जांच चल रही है.'
खुशबू की बहन ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से न्याय की गुहार लगाई है. उन्होंने कहा, 'यह घटना आपके ही क्षेत्र की है, कृपया दोषियों को सख्त सजा दिलाएं. मेरी बहन को इंसाफ चाहिए.'