Red Fort Dummy Bomb: लाल किले पर नियमित सुरक्षा अभ्यास के दौरान बड़ी लापरवाही हुई. इस दौरान कांस्टेबल और हेड कांस्टेबल समेत दिल्ली पुलिस के 7 जवानों को निलंबित कर दिया गया. बता दें कि स्पेशल सेल की एक टीम ने सुरक्षा अभ्यास के तहत लाल किले परिसर में एक डमी बम प्लांट किया था. सुरक्षा में तैनात जवान इस बम का पता नहीं लगा पाए. इसके तुरंत बाद यह कार्रवाई की गई.
दिल्ली पुलिस स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारी के दौरान नियमित रूप से इस तरह के अभ्यास करती है. इस दौरान कड़ी सुरक्षा का पूरा ध्यान दिया जाता है.
रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली पुलिस ने लाल किले परिसर में जबरन घुसने की कोशिश कर रहे पांच बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है. सभी आरोपी अवैध प्रवासी हैं और दिल्ली में मजदूर के तौर पर काम करहे थे. इनकी उम्र 20 से 25 साल के बीच है. पुलिस ने उनके पास से कुछ बांग्लादेशी दस्तावेज बरामद किए हैं.
स्वतंत्रता दिवस समारोह से पहले दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद कर दिया गया है. पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी है. दिल्ली में आने वाले हर वाहन को चेक किया जा रहा है. इसके बाद ही उन्हें दिल्ली में एंट्री करने की अनुमित मिल रही है.
इसके अलावा, दिल्ली पुलिस ने 2 अगस्त से 16 अगस्त तक राजधानी भर में सब-ट्रेडिशनल एरियल प्लेटफॉर्म पर पूरी तरह बैन लगा दिया है. दिल्ली पुलिस आयुक्त एसबीके सिंह ने कड़े सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत यह आदेश जारी किया.