पहले से 11 बच्चों के बाप ने 70 साल की उम्र में 20 साल की लड़की से चौथा निकाह किया है, इसे क्या कहेंगे? यह खबर किसी आदिवासी इलाके से नहीं बल्कि दिल्ली की नाक के नीचे बसे गाजियाबाद से आई है. चौथा निकाह करने वाला यह बुजुर्ग दो बार अपने इलाके से नगर निगम का पार्षद रह चुका है. नुमाइंदगी करने वाले लोग भी ऐसा करेंगे तो समाज को क्या संदेश देंगे. घर से निकाले जाने के बाद दूसरी पत्नी नाजरीन अपने बेटे को साथ लेकर पुलिस कमिश्नर के सामने अपनी फरियाद लेकर पेश हुई तो पूरे मामले का खुलासा हुआ. पुलिस वाले भी इस शख्स के कारनामे जानकर हैरान रह गए. एडिशनल पुलिस कमिश्नर को मामले की जांच सौंपी गई है.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कैला भट्टा में रहने वाले हाजी खलील ने 1988 में पहला निकाह किया था. पहली पत्नी से कुल आठ बच्चे हुए. उसके बाद 1991 में दूसरा निकाह कर लिया. दूसरी पत्नी से तीन बच्चे पैदा हुए. आरोप है कि पहली पत्नी से अब उसके किसी प्रकार के संबंध नहीं हैं. लेकिन खलील यहीं नहीं माना. उसने 2010 में तीसरा निकाह भी कर लिया, हालांकि उससे कोई संतान नहीं हुई और वह तलाक के बाद दिल्ली में अलग रह रही है.
पुलिस कमिश्नर आफिस पहुंची खलील की दूसरी पत्नी नाजरीन ने बताया- “मेरे शौहर हाजी खलील ने 70 साल की उम्र में 20 साल की यासमीन से चौथा निकाह कर लिया है. अब अपनी सारी संपत्ति उसी के नाम करना चाहता है. मुझे और मेरे बच्चों को घर से निकाल दिया है.” नाजरीन ने बताया कि हाजी खलील से उसके तीन बच्चे हैं, दो बेटे और एक बेटी. पूरी कहानी बयां करते हुए नाजरीन ने बताया कि पहली पत्नी होते हुए मुझे धोखे में रखकर 1991 में निकाह किया था. बाद में पता लगा कि खलील की पहले से एक पत्नी और बच्चे हैं. पहले वह अलग रखकर उसकी देखभाल करता था, लेकिन अब नाता तोड़ लिया है.
पुलिस को शिकायत देने पहुंची नाजरीन ने बताया कि उसका शौहर समाजवादी पार्टी से 1995 और 2000 में, दो बार पार्षद रह चुका है. उस पर नगर निगम की 30 करोड़ रुपये की संपत्ति कब्जाने के भी आरोप थे. इस जमीन पर उसने मदरसा और मस्जिद के अलावा दुकानें बना लीं और एक पानी का प्लांट भी लगा लिया. नगर निगम ने नोटिस जारी करने के बाद कब्जा की गई जमीन से अवैध पार्किंग और पानी का प्लांट हटा दिया लेकिन धार्मिक स्थल नहीं हटाया गया. मामले में खलील के खिलाफ एफआईआर भी हुई थी.
नाजरीन का आरोप है कि 70 साल की उम्र में खलील के साथ 20 साल की यासमीन ने संपत्ति हड़कने के इरादे से निकाह किया है. अब वह सारी संपत्ति याजमीन के नाम करना चाहता है. नाजरीन के द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच एडिशनल पुलिस कमिश्नर को सौंपी गई है.