मुंबई: पश्चिम बंगाल में हालिया चुनाव नतीजों ने राजनीतिक हलचल मचा दी है. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भवानीपुर सीट पर भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी से हार गईं. इस घटना पर फिल्मकार विवेक रंजन अग्निहोत्री ने तीखी प्रतिक्रिया दी है. विवेक अग्निहोत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पुराना वीडियो शेयर करते हुए लंबा नोट लिखा.
उन्होंने अपनी फिल्म 'द बंगाल फाइल्स' और 'द कश्मीर फाइल्स' को लेकर बंगाल में हुई कठिनाइयों का जिक्र किया. अग्निहोत्री ने लिखा- 'जो लोग नहीं जानते, उन्हें बता दूं कि 'द कश्मीर फाइल्स' रिलीज होने के बाद ममता बनर्जी ने मुझे बंगाल में कैंसिल कर दिया था. फिल्म को सिनेमाघरों से हटा दिया गया और मुझे बंगाल में घुसने तक की अनुमति नहीं थी. पिछले साल उन्होंने 'द बंगाल फाइल्स' पर पूरी तरह बैन लगा दिया. हमारा ट्रेलर लॉन्च रोका गया, हम पर हमला हुआ, दर्जनों FIR दर्ज की गईं. मुझे बंगाल में अवॉर्ड लेने जाने तक की इजाजत नहीं थी.'
NEVER AGAIN.
— Vivek Ranjan Agnihotri (@vivekagnihotri) May 5, 2026
For those who don’t know, @MamataOfficial cancelled me in Bengal after the release of #TheKashmirFiles. The film was taken out of cinema halls, and she said I would NOT BE ALLOWED TO ENTER Bengal.
Last year, she BANNED #TheBengalFiles completely in West Bengal. Our… pic.twitter.com/9JzHU2lgwE
उन्होंने आगे कहा- 'लेकिन हमने हार नहीं मानी. चुनाव के दौरान हमने पूरी बंगाल में अंडरग्राउंड तरीके से 'द बंगाल फाइल्स' लोगों को दिखाई. मुझे खुशी है कि हम छोटे-छोटे तरीकों से लड़ते रहे. और आखिरकार यह अभूतपूर्व जीत हुई. बंगाल के महान लोगों को बधाई. अब आप बिना डर के, सिर ऊंचा करके चल सकते हैं.'
विवेक अग्निहोत्री का पोस्ट वायरल हो गया. कई यूजर्स ने कमेंट करके फिल्मकार से 'द बंगाल फाइल्स' को अब बंगाल में दोबारा रिलीज करने की अपील की है. लोग लिख रहे हैं कि अब बैन हटना चाहिए और फिल्म को बड़े पर्दे पर दिखाया जाना चाहिए.
विवेक अग्निहोत्री अपनी विवादास्पद और सामाजिक मुद्दों पर आधारित फिल्मों के लिए जाने जाते हैं. 'द कश्मीर फाइल्स' ने देशभर में खूब चर्चा बटोरी थी. 'द बंगाल फाइल्स' भी बंगाल की घटनाओं पर आधारित है, जिसे राज्य सरकार ने रिलीज होने से पहले ही रोक दिया था. यह पहली बार नहीं है जब विवेक अग्निहोत्री ने ममता बनर्जी सरकार पर अपनी फिल्मों को रोकने का आरोप लगाया हो. उनका कहना है कि उन्होंने बंगाल की जनता तक सच्चाई पहुंचाने की कोशिश की और अब चुनाव नतीजों को लोकतंत्र की जीत बताया है.
फिलहाल विवेक अग्निहोत्री के इस बयान पर सोशल मीडिया पर खूब बहस हो रही है. कुछ लोग उनका समर्थन कर रहे हैं तो कुछ इसे राजनीतिक बयान बता रहे हैं. बंगाल में सिनेमा और राजनीति का गहरा संबंध रहा है। ऐसे में विवेक अग्निहोत्री का यह रिएक्शन और 'द बंगाल फाइल्स’ को लेकर उठ रही मांगें काफी चर्चा में हैं.