नई दिल्ली: मौजूदा IPL 2026 के 40वें मैच में पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच भिड़ंत होगी. दोनों टीमें 28 अप्रैल को मुल्लनपुर के महाराजा यादवेंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आमने-सामने होंगी. दोनों टीमों के बीच होने वाला यह मुकाबला काफी अहम और रोमांचक होने वाला है.
पंजाब किंग्स ने टूर्नामेंट के मौजूदा सीजन में अजेय आगे बढ़ रही है. टीम द्वारा खेले गए सात मैचों में से पंजाब ने अब तक कुल छह में जीत हासिल की है और एक मैच बारिश के कारण रद्द हो गया था.
दूसरी ओर, राजस्थान रॉयल्स ने शानदार शुरुआत के बावजूद धीमी गति से खेलना शुरू कर दिया है. आठ मैचों में पांच जीत और तीन हार के साथ टीम अंक तालिका में चौथे स्थान पर है. इस मुकाबले में फैंस को कई खिलाड़ियों के बीच रोचक लड़ाई देखने को मिलेगी.
इस मुकाबले में पंजाब के कप्तान श्रेयस अय्यर और स्टार ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा के बीच की भिड़ंत देखने लायल होगी. गौरतलब है कि अय्यर ने टूर्नामेंट में अब तक जडेजा के खिलाफ 12 पारियों में 76 गेंदों का सामना किया है और 74 रन बनाए हैं, जबकि वे सिर्फ एक बार आउट हुए हैं. ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि जडेजा अय्यर के खिलाफ इस मैच में कैसा प्रदर्शन करते हैं.
अय्यर-जडेजा के बाद फैंस की निगाहें आरआर के सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल और अर्शदीप सिंह के बीच की टक्कर पर होगी. पिछले कुछ सालों में, जायसवाल ने अर्शदीप सिंह के खिलाफ सात पारियों में 35 गेंदों का सामना करते हुए 58 रन बनाए हैं. इस दौरान वह दो बार आउट हो चुके हैं.
इन खिलाड़ियों के बाद आरआर के कप्तान रियान पराग और युजवेंद्र चहल के बीच भी एक और मुकाबला देखने को मिल सकता है . पराग अब तक चहल के खिलाफ चार पारियों में खेल चुके हैं, जिनमें से 20 गेंदों का सामना करते हुए उन्होंने 11 रन बनाए हैं और आउट नहीं हुए हैं. हालांकि, चहल ने अब तक पराग को शांत रखने में अच्छा प्रदर्शन किया है.