ग्रेट बैरियर रीफ एरीना मैके में खेले गए तीसरे और आखिरी वनडे में ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवरों में 431 रन बनाए और फिर कप्तान टेम्बा बावुमा की अगुवाई वाली दक्षिण अफ्रीकी टीम को महज 155 रनों पर समेट दिया.
खास बात यह रही कि इस जीत ने ऑस्ट्रेलिया को वनडे क्रिकेट में एक ऐतिहासिक उपलब्धि दिलाई, क्योंकि यह दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सबसे बड़ी जीत का नया रिकॉर्ड है.
मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों ने दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजों की जमकर धुनाई की. पूरी टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी का नमूना पेश करते हुए 431 रन खड़े कर दिए. यह स्कोर किसी भी टीम के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया का बड़ा स्कोर साबित हुआ और दक्षिण अफ्रीका को लक्ष्य का पीछा करने के लिए पूरी तरह दबाव में डाल दिया.
जवाब में दक्षिण अफ्रीकी टीम कभी भी मैच में टिकती हुई नहीं दिखी. युवा गेंदबाज कूपर कॉनॉली ने करिश्माई प्रदर्शन करते हुए महज 22 रन देकर 6 ओवर में 5 विकेट चटकाए. उनके शानदार स्पैल ने अफ्रीका की मजबूत बल्लेबाजी लाइन-अप को बिखेर दिया. पूरी टीम 24.5 ओवर में केवल 155 रन पर ढेर हो गई और ऑस्ट्रेलिया ने 276 रनों से मैच अपने नाम कर लिया.
यह जीत ऑस्ट्रेलिया की वनडे क्रिकेट में दूसरी सबसे बड़ी जीत रही, जबकि घरेलू धरती पर यह अब तक की सबसे बड़ी जीत है. इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने 2015 विश्व कप में अफगानिस्तान को 275 रनों से हराया था. वहीं दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ किसी भी टीम की यह अब तक की सबसे बड़ी जीत है. इससे पहले भारत ने 2023 विश्व कप में कोलकाता में दक्षिण अफ्रीका को 243 रनों से हराया था.
वनडे क्रिकेट के इतिहास में सबसे बड़ी जीत का रिकॉर्ड भारत के नाम है. जनवरी 2023 में तिरुवनंतपुरम में खेले गए मुकाबले में भारत ने श्रीलंका को 317 रनों से मात दी थी. ऑस्ट्रेलिया की यह जीत उस रिकॉर्ड को भले ही न तोड़ सकी हो, लेकिन दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ इतने बड़े अंतर से जीत दर्ज कर उसने अपनी ताकत और दबदबा दुनिया को दिखा दिया है.