menu-icon
India Daily

शिकागो को सितंबर से संभालेंगे नेशनल गार्ड सैनिक, अपराध और घुसपैठियों से निपटने के लिए ट्रंप ने कस ली कमर

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपराध और अवैध आव्रजन को लेकर लगातार सख्ती से पेश आ रहे हैं. इसी के तहत शिकागो में हजारों जवानों की तैनाती करने की तैयारी की जा रही है. ट्रंप के इस एक्शन इलिनोइस के गवर्नर जेबी प्रित्जकर और शिकागो के मेयर ब्रैंडन जॉनसन ने विरोध जताया है.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
शिकागो को सितंबर से संभालेंगे नेशनल गार्ड सैनिक, अपराध और घुसपैठियों से निपटने के लिए ट्रंप ने कस ली कमर
Courtesy: x (@siyahsancakx)

Donald Trump: अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ट्रंप प्रशासन अपराध और अवैध आव्रजन पर सख्ती के तहत शिकागो शहर में नेशनल गार्ड के हजारों जवानों की तैनाती की योजना बना रहे हैं. इस मु्द्दें को लेकर कई दिनों से चर्चा जारी है. वाशिंगटन पोस्ट ने अज्ञात अधिकारियों के हवाले से बताया कि पेंटागन सितंबर में शहर में बड़े पैमाने पर तैनाती की तैयारी की जा रही है. हालांकि, पेंटागन ने इन खबरों की पुष्टि करने से इनकार कर दिया. एक रक्षा अधिकारी ने कहा कि विभाग योजनाओं पर लगातार काम कर रहा है, लेकिन आगे की कार्रवाइयों पर अटकलें नहीं लगाई जाएंगी.

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस महीने वाशिंगटन डीसी में नेशनल गार्ड तैनात किया था. वहां जवानों को जल्द ही हथियार दिए जाएंगे. व्हाइट हाउस में शुक्रवार को ट्रंप ने कहा कि शिकागो और न्यूयॉर्क जैसे डेमोक्रेट शासित शहरों में भी यही कदम उठाया जाएगा. 

शहरों को सुरक्षित करने की कोशिश 

डोनाल्ड ट्रंप ने संवाददाताओं से कहा कि हम अपने शहरों को बहुत सुरक्षित करने पर काम कर रहे हैं. शिकागो हमारा अगला लक्ष्य होगा, फिर न्यूयॉर्क को भी सुरक्षित करने की कोशिश की जाएगी. ट्रंप का यह बयान अपराध दर कम करने और अवैध प्रवासियों पर कार्रवाई के वादे का हिस्सा बताया जा रहा है है. सीएनएन को सूत्रों ने बताया कि शिकागो की तैनाती जून में लॉस एंजिल्स में की गई विवादास्पद कार्रवाई जैसी होगी. वहां राज्य की आपत्ति के बावजूद 4 हजार नेशनल गार्ड सदस्य और लगभग सात सौ मरीन भेजे गए थे. यह योजना आव्रजन और सीमा शुल्क प्रवर्तन अभियान को मजबूत करेगी.

स्थानीय नेताओं ने जताया विरोध  

इलिनोइस के गवर्नर जेबी प्रित्जकर और शिकागो के मेयर ब्रैंडन जॉनसन ने इस योजना का जोरदार विरोध किया है, दोनों डेमोक्रेट नेता हैं. प्रित्जकर ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि ट्रंप और उनकी रिपब्लिकन पार्टी खुद को कानून-व्यवस्था की पार्टी बताती है, लेकिन सच्चाई इससे अलग है. उन्होंने कहा कि ट्रंप प्रशासन सार्वजनिक सुरक्षा पर हमला कर रहा है. मेयर जॉनसन ने बताया कि शहर को ट्रंप प्रशासन से कोई औपचारिक सूचना नहीं मिली. उन्होंने इसे असंगठित, अनुचित और अनावश्यक बताया. शिकागो पुलिस के आंकड़ों के अनुसार 2024 में 573 हत्याएं दर्ज की गई थी, जो पिछले साल के मुकाबले लगभग 8 प्रतिशत कम है. यह तैनाती अमेरिका में राजनीतिक तनाव बढ़ा सकती है. ट्रंप प्रशासन का दावा है कि इससे अपराध और अवैध आव्रजन पर नियंत्रण होगा. लेकिन डेमोक्रेट नेता इसे राजनीतिक स्टंट मानते हैं.