आपकी किडनी को बर्बाद कर रहे हैं ये फूड्स, स्वाद के चक्कर में स्वास्थ्य से न करें खिलवाड़
किडनी रोगों से जुड़े मामलों में लगातार इजाफा देखने को मिल रहा है. एक बार किडनी रोग से ग्रसित होने के बाद आदमी की पूरी जिंदगी तबाह हो जाती है. हममें से बहुतों को यह मालूम ही नहीं है कि कौन से खाद्य पदार्थ किडनी की लिए लाभदायक हैं और कौन से नुकसान पहुंचाने वाले.
नई दिल्ली: आज की तेज रफ्तार जिंदगी में ज्यादातर लोग बाहर का अनहेल्दी खाना खाने लगे हैं, जो किडनी के लिए बेहद नुकसानदायक साबित हो सकता है. सेहत की दिशा में पहला कदम यही है कि हमारे किचन में पौष्टिक और प्राकृतिक चीजें मौजूद हों.
बहुत से खाद्य पदार्थ ऐसे होते हैं जिनमें चीनी और सोडियम छिपे होते हैं, इसलिए यह समझना जरूरी है कि हम जो खाते हैं, वह शरीर और खासकर किडनी, लिवर और दिल पर कैसा असर डालता है.
लागातार बढ़ रहे हैं किडनी रोग से जुड़े मामले
अमेरिका के नेशनल किडनी फाउंडेशन की रिपोर्ट बताती है कि किडनी रोगों के मामले लगातार बढ़ रहे हैं. इसके प्रमुख कारण हैं, डायबिटीज और हाई ब्लड प्रेशर. हालांकि इन दोनों को नियंत्रण में रखकर किडनी की बीमारी से काफी हद तक बचा जा सकता है. स्वस्थ भोजन का चयन, चीनी, नमक और फैट की मात्रा पर नियंत्रण और संतुलित आहार किडनी की सुरक्षा में मदद करते हैं.
स्वस्थ किडनी के लिए इन खाद्य पदार्थों को कहें 'न'
फाउंडेशन ने ऐसे कुछ खाद्य पदार्थ बताए हैं जिनसे दूर रहना किडनी के लिए लाभदायक है. इनमें सबसे पहले आता है सोडा. सोडा में पोषक तत्व न के बराबर होते हैं, जबकि इसमें चीनी और आर्टिफिशियल स्वीटनर की भरमार होती है. यह न केवल वजन बढ़ाता है, बल्कि ऑस्टियोपोरोसिस, दांतों की समस्या, मेटाबॉलिक सिंड्रोम और किडनी रोग जैसी बीमारियों का खतरा भी बढ़ाता है. बेहतर विकल्प है कि आप पानी या नींबू पानी का सेवन करें, या स्वाद बढ़ाने के लिए उसमें फलों के टुकड़े मिलाएं.
दूसरा हानिकारक विकल्प है प्रॉसेस्ड मीट, जिसमें सोडियम और नाइट्रेट्स की मात्रा बहुत अधिक होती है. यह न केवल किडनी के लिए हानिकारक है, बल्कि कैंसर का खतरा भी बढ़ा सकता है. इसलिए ताजा और कम फैट वाले मीट प्रॉडक्ट्स को प्राथमिकता दें.
मक्खन में कोलेस्ट्रॉल, कैलोरी और सैचुरेटेड फैट्स की मात्रा अधिक होती है. इसकी जगह देसी घी, ऑलिव ऑयल या कैनोला ऑयल का प्रयोग अधिक स्वास्थ्यवर्धक रहेगा.
इसी तरह मेयोनीज में भी अत्यधिक कैलोरी और सैचुरेटेड फैट पाया जाता है. एक चम्मच मेयोनीज में ही 100 से अधिक कैलोरी होती है. लो-फैट मेयोनीज में भी चीनी और सोडियम की मात्रा अधिक हो सकती है. इसकी जगह बिना फैट वाला ग्रीक योगर्ट बेहतर विकल्प है, जिसमें प्रोटीन की मात्रा अधिक होती है और यह सलाद या सैंडविच के साथ भी अच्छा लगता है.
स्वस्थ खानपान से ही खुशहाल होगा जीवन
प्रॉसेस्ड और फ्रोजन फूड्स जैसे पिज्जा या रेडी-टू-ईट मील में अत्यधिक सोडियम, फैट और चीनी होती है, जो डायबिटीज और किडनी रोग का खतरा बढ़ाते हैं. जब भी संभव हो, ताजा और व्होल फूड्स का सेवन करें और फ्रोजन फूड खरीदते समय लेबल पर सोडियम की मात्रा जरूर जांचें. स्वस्थ खानपान की आदतें न केवल आपकी किडनी की रक्षा करती हैं, बल्कि समग्र स्वास्थ्य को भी बेहतर बनाती हैं.
और पढ़ें
- दिल्ली की जहरीली हवा अब फेफड़ों के साथ दिमाग पर भी कर रही अटैक! पैनिक अटैक बढ़े; यहां जानें बचने के 10 आसान उपाय
- दिल्ली की जहरीली हवा से बचना है तो घर लौटकर पिएं ये डिटॉक्स ड्रिंक, लंग्स रहेंगे हेल्दी और गला रहेगा साफ
- दिल्ली-एनसीआर वाले सावधान! जहरीले स्मॉग से फेफेड़े हो सकते हैं डैमेज, सेफ रहने के लिए अपनाएं ये टिप्स