आंतों की सेहत यानी गट हेल्थ हमारे पूरे शरीर की कार्यप्रणाली को प्रभावित करती है. चाहे वह पाचन हो, प्रतिरक्षा प्रणाली या मानसिक संतुलन. लेकिन हैरानी की बात यह है कि 10 में से 7 शहरी भारतीय किसी न किसी तरह की पाचन समस्या से जूझ रहे हैं.
ऐसे में एम्स से प्रशिक्षित गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट डॉ. सौरभ सेठी ने एक सरल समाधान बताया है. रोजाना केवल एक टेबलस्पून चिया सीड्स. उनका कहना है कि यह छोटा सा बदलाव गट हेल्थ को रीसेट करने में चमत्कार कर सकता है.
डॉ. सेठी के अनुसार, चिया सीड्स में मौजूद दो प्रकार के फाइबर- सॉल्युबल और इनसॉल्युबल पाचन के लिए बेहद फायदेमंद हैं. सॉल्युबल फाइबर पानी के संपर्क में आने पर जेल जैसी संरचना बनाता है, जिससे मल नरम होता है और आंतों की गतिशीलता सहज होती है. वहीं इनसॉल्युबल फाइबर स्टूल में बल्क बढ़ाकर कब्ज को रोकता है. हार्वर्ड हेल्थ की एक रिपोर्ट भी पुष्टि करती है कि चिया सीड्स का फाइबर पाचन क्रिया को स्वस्थ बनाए रखने में सहायक है.
डॉ. सेठी बताते हैं कि चिया सीड्स एक प्रिबायोटिक पावरहाउस हैं, जो हमारी आंतों में मौजूद उपयोगी बैक्टीरिया को पोषण देते हैं. कई अध्ययनों से पता चला है कि इन बीजों में मौजूद सॉल्युबल फाइबर Lactobacillus और Enterococcus जैसे लाभदायक बैक्टीरिया की वृद्धि को बढ़ावा देता है. यह प्रक्रिया न केवल आंतों के बैरियर को मजबूत करती है, बल्कि सूजन को भी कम करती है, जिससे समग्र गट हेल्थ में सुधार होता है.
डॉ. सेठी का कहना है कि चिया सीड्स अपने वजन से लगभग 10 गुना पानी सोखने की क्षमता रखते हैं. यह गुण उन्हें एक प्राकृतिक हाइड्रेशन एजेंट बनाता है. पानी सोखने के बाद बनने वाला जेल आंतों को नम बनाए रखता है और पाचन नली की गतिशीलता में मदद करता है. कुछ पशु अध्ययनों में यह भी देखा गया कि नियमित सेवन से आंतों की मांसपेशियां मजबूत होती हैं और पोषक तत्वों का अवशोषण बेहतर होता है.
डॉ. सेठी के अनुसार, चिया सीड्स का सॉल्युबल फाइबर ब्लड शुगर लेवल को नियंत्रित रखने में मदद करता है. यह फाइबर ग्लूकोज के अवशोषण को धीमा कर देता है, जिससे ब्लड शुगर अचानक नहीं बढ़ता. साइंटिफिक रिसर्च के मुताबिक, ऐसे फाइबर न केवल इंसुलिन सेंसिटिविटी को बढ़ाते हैं बल्कि भूख नियंत्रित करने वाले हार्मोन्स को भी सक्रिय करते हैं. इससे मेटाबॉलिज्म बेहतर होता है और ऊर्जा का स्तर स्थिर बना रहता है.
विशेषज्ञों के अनुसार, रोजाना केवल एक चम्मच चिया सीड्स का सेवन गट हेल्थ को दुरुस्त करने की दिशा में एक बड़ा कदम है. यह न केवल प्राकृतिक है बल्कि वैज्ञानिक रूप से सिद्ध भी. डॉ. सेठी का कहना है- 'आपको अपने भोजन में कोई बड़ा बदलाव करने की जरूरत नहीं, बस चिया सीड्स को नियमित रूप से शामिल करें और कुछ ही हफ्तों में फर्क महसूस करें.'