menu-icon
India Daily

'प्यार किया तो डरना क्या, चुनाव आयोग चोरी-चुपके कर रहा बीजेपी के ट्वीट रीट्वीट', संजय सिंह ने सबूत दिखाकर मचाया तहलका!

Delhi Assembly Election: नई दिल्ली के इलेक्शन कमीशन के एक्स हैंडल से बीजेपी का एक ट्वीट रीट्वीट हो गया. इसका स्क्रीनशॉट आप नेता संजय सिंह ने शेयर करके कहा कि भारत के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है.

Gyanendra Tiwari
'प्यार किया तो डरना क्या, चुनाव आयोग चोरी-चुपके कर रहा बीजेपी के ट्वीट रीट्वीट', संजय सिंह ने सबूत दिखाकर मचाया तहलका!
Courtesy: Social Media

Delhi Assembly Election: दिल्ली चुनाव आयोग ने बीजेपी के एक ट्वीट को रीट्वीट किया, जिसके बाद आम आदमी पार्टी का गुस्सा फूट पड़ा. आप ने सवाल उठाया कि क्या चुनाव आयोग किसी पार्टी के ट्वीट को रीट्वीट कर सकता है? इसके बाद चुनाव आयोग ने विस्तृत जवाब देकर यह स्पष्ट किया कि यह कदम किसने और क्यों उठाया. इसके साथ ही आयोग ने तुरंत कार्रवाई भी की. 

आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह ने नई दिल्ली के जिला चुनाव अधिकारी के ऑफीसियल एक्स हैंडल से बीजेपी के किए गए ट्वीट को रीट्वीट करने का स्क्रीनशॉट शेयर करके तहलका मचा दिया है. संजय सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि भारत के इतिहास में यह पहली बार हुआ कि इलेक्शन ऑफिसर बीजेपी के ट्वीट को रीट्वीट करना चालू कर दिया है. 

आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह ने एक्स पर लिखा, "भारत के इतिहास में पहली बार दिल्ली के चुनाव अधिकारी ने चुपके-चुपके बीजेपी के ट्वीट को रीट्वीट करना शुरू किया है. अब दिल्ली के जिला निर्वाचन अधिकारी का कहना है कि 'जब प्यार किया तो डरना क्या?' उन्होंने अब बीजेपी जॉइन करने का फैसला किया है और कल सुबह 11 बजे बीजेपी कार्यालय में औपचारिक रूप से पार्टी में शामिल होंगे."

चुनाव आयोग ने तुरंत लिया एक्शन

जिला निर्वाचन अधिकारी ने एक्स हैंडल पर संजय सिंह के ट्वीट पर जवाब देते हुए लिखा- "डीईओ के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल का प्रबंधन सोशल मीडिया सेल के नोडल अधिकारी द्वारा किया जाता है, जो उत्तर पोस्ट करने और ट्वीट को संबोधित करने के लिए जिम्मेदार है, विशेष रूप से गलत सूचना का मुकाबला करने और जनता के साथ सटीक संचार सुनिश्चित करने के लिए."

इलेक्शन कमीशन ने आगे लिखा कि यह पता चला है कि सोशल मीडिया सामग्री के साथ नियमित जुड़ाव के हिस्से के रूप में उक्त ट्वीट का जवाब देते समय अनजाने में यह विशेष ट्वीट रीपोस्ट हो गया था. डीईओ के संज्ञान में आते ही रीपोस्ट को तुरंत हटा दिया गया.

सोशल मीडिया अधिकारी को बदला गया

इलेक्शन कमीशन ने संजय सिंह के पोस्ट का जवाब देते हुए लिखा कि इस मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए, जवाबदेही सुनिश्चित करने और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोकने के लिए सोशल मीडिया सेल के नोडल अधिकारी को तुरंत बदल दिया गया है. इसके अतिरिक्त, सोशल मीडिया सेल को डीईओ के सोशल मीडिया संचार की अखंडता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए भविष्य की व्यस्तताओं में अधिक सावधानी बरतने का निर्देश दिया गया है. यह स्पष्टीकरण डीईओ की निष्पक्षता और भारत के चुनाव आयोग द्वारा निर्धारित दिशानिर्देशों का पालन करने की प्रतिबद्धता की पुष्टि करने के लिए जारी किया गया है.