menu-icon
India Daily

एमएम नरवणे की अप्रकाशित किताब 'Four Stars of Destiny' लीक होने पर दिल्ली पुलिस का सख्त एक्शन, FIR दर्ज

सूत्रों के अनुसार, किताब के प्रकाशन के लिए संबंधित प्राधिकरणों से औपचारिक अनुमति अभी लंबित थी. इसके बावजूद कथित तौर पर इसकी टाइपसेट पीडीएफ इंटरनेट पर उपलब्ध होना नियमों के उल्लंघन की ओर इशारा करता है.

Anuj
Edited By: Anuj
एमएम नरवणे की अप्रकाशित किताब 'Four Stars of Destiny' लीक होने पर दिल्ली पुलिस का सख्त एक्शन, FIR दर्ज
Courtesy: Social Media

नई दिल्ली: पूर्व सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे की आगामी किताब 'Four Stars of Destiny' के कथित तौर पर सोशल मीडिया पर प्रसारित होने का मामला सामने आया है, जिसको लेकर दिल्ली पुलिस ने सख्त एक्शन लिया है. इस मामले में दिल्ली पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.  

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और कुछ वेबसाइटों पर किताब की प्री प्रिंट कॉपी के प्रसार की खबरों के बाद पुलिस ने स्वतः संज्ञान लिया. जांच में यह भी सामने आया कि पुस्तक को अभी आधिकारिक मंजूरी नहीं मिली थी, इसके बावजूद ऑनलाइन इसकी मौजूदगी दिख रही थी.

पुलिस ने दावों को गंभीर माना

पुलिस को ऑनलाइन मंचों और समाचार फोरम से जानकारी मिली कि जनरल नरवणे की किताब 'Four Stars of Destiny' की अप्रकाशित प्रति दिख रही है. इन दावों को गंभीर मानते हुए पुलिस ने प्रारंभिक जांच शुरू की और तथ्यों की पुष्टि के बाद मामला दर्ज किया.

मंजूरी न मिलने का पहलू

सूत्रों के अनुसार, किताब के प्रकाशन के लिए संबंधित प्राधिकरणों से औपचारिक अनुमति अभी लंबित थी. इसके बावजूद कथित तौर पर इसकी टाइपसेट पीडीएफ इंटरनेट पर उपलब्ध होना नियमों के उल्लंघन की ओर इशारा करता है.

पीडीएफ और कवर की मौजूदगी

जांच के दौरान कुछ वेबसाइटों पर किताब की पीडीएफ कॉपी मिली, जो पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के नाम से जुड़ी बताई जा रही है. इसके साथ ही कुछ ऑनलाइन मार्केटिंग प्लेटफॉर्म पर तैयार कवर भी प्रदर्शित किया गया. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जांच स्पेशल सेल को सौंपी गई है. टीम यह पता लगाने में जुटी है कि फाइल कहां से लीक हुई और इसमें कौन लोग शामिल हो सकते हैं.

दिल्ली पुलिस ने क्या कहा?

इस मामले में दिल्ली पुलिस का कहना है कि सभी डिजिटल स्रोतों की फॉरेंसिक जांच की जाएगी. दोषियों की पहचान होने पर सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हो.

राहुल गांधी ने किया था जिक्र

बजट सत्र के दौरान नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने संसद में  'Four Stars of Destiny' का जिक्र कर सरकार पर निशाना साधा था, जिसके बाद लोकसभा में काफी हंगामा देखने को मिला था. राहुल गांधी ने दावा किया था कि डोकलाम में चीनी सेना के टैंक भारतीय सीमा के पास हैं. इसके पीछे उन्होंने एक पुस्तक का भी हवाला दिया.

रक्षामंत्री ने दिया चैलेंज

इसके बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने राहुल गांधी को तुरंत रोकते हुए इसपर चैलेंज किया. उन्होंने राहुल गांधी से इस किताब को लेकर यह पूछा कि क्या यह किताब कभी प्रकाशित की गई है? तो ऐसे पुस्तक को कैसे आधार बनाया जा सकता है, जिसे कभी प्रकाशित ही नहीं किया गया.

सम्बंधित खबर