Bihar Crime News: बिहार से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आ रही है. यहां एक शख्स को अपनी साली के पक्ष में बोलना काफी भारी पड़ गया. आरोप है कि साली के ससुराल वालों ने युवक को भरी पंचायत में पकड़ लिया. मारपीट की और फिर उसकी जीभ (जुबान) काट डाली. अब युवक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है.
जानकारी के मुताबिक मामला बिहार के वैशाली जिले का है. यहां विष्णुपुर निवासी विनोद राय अपनी साली के ससुराल बिद्दूपुर चांदपुरा गया था. बताया गया है कि यहां रहने वाली विनोद की साली का ससुराल में विवाद चल रहा था. इसी विवाद में पंचायत के लिए विनोद साली की ससुराल में गया था. विनोद के परिवार वालों ने बताया कि पंचायत में जब उसने साली के पक्ष में बात रखी तो ससुराल वाले बोखला गए.
आरोप है कि ससुराल वालों ने विनोद को पंचायत में ही पकड़ लिया. उसके साथ मारपीट की और फिर उसकी जीभ काट दी. सूचना पर विनोद के परिवार वाले भी मौके पर पहुंच गए. उन्होंने उसे एक अस्पताल में भर्ती कराया है. बताया गया है कि डॉक्टरों ने विनोद की जीभ में करीब टांके लगाए हैं. हालांकि उसकी हालत अभी खतरे से बाहर है.
वहीं वैशाली पुलिस का कहना है कि दोनों परिवार के बीच विवाद हुआ था. मामला गंभीर नहीं है. मारपीट के दौरान विनोद की चीभ जख्मी हुई है. परिवार वालों की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. उधर मामला पूरे इलाके में चर्चाओं का विषय बन गया है.