बिहार के समस्तीपुर जिले से एक बार फिर कथित ‘पकड़ौआ विवाह’ का मामला सामने आया है, जिसने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है. पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे एक युवक का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह नशे की हालत में शादी की रस्म निभाता दिखाई दे रहा है. दावा किया जा रहा है कि युवक का अपहरण कर जबरन विवाह कराया गया.
यह पूरा मामला समस्तीपुर जिले के पटोरी थाना क्षेत्र के चकराज अली गांव से जुड़ा बताया जा रहा है. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. आरोप है कि एक युवक को जबरन उठा कर उसकी शादी करा दी गई.बताया जा रहा है कि चकराज अली गांव निवासी शंकर राय की पुत्री लक्ष्मी कुमारी का विवाह शिउरा पंचायत के जोड़ी पोखर गांव निवासी कालेश्वर राय के पुत्र नीतीश कुमार से कथित तौर पर जबरन कराया गया. इस घटना की जानकारी खुद युवक ने वीडियो जारी कर दी.
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि नीतीश कुमार पूरी तरह नशे में दिखाई दे रहा है. वह अपने होश में नहीं लग रहा और ‘वरमाला’ की रस्म निभाने में असमर्थ नजर आ रहा है. वीडियो में यह भी दिखता है कि वह खुद माला पकड़ नहीं पा रहा, जिसके बाद एक अन्य युवक उसका हाथ पकड़कर जबरन लड़की के गले में माला पहनाता है. इस दृश्य ने लोगों को चौंका दिया है और सोशल मीडिया पर इस घटना को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं.
नशा कराकर बेहोशी की हालत में युवक की करा दी पकड़ौआ शादी! समस्तीपुर के शाहपुर पटोरी थाना क्षेत्र के चकरांजली गांव का बताया जा रहा मामला; बंधक बने युवक ने वीडियो जारी कर लगाई मदद की गुहार, कहा- मुझे 24 घंटे ताला मारकर बंद रखा जा रहा.. मां ने पुलिस को आवेदन देकर मदद की लगाई गुहार… pic.twitter.com/zwh5E8j2m5
— Samastipur Town (@samastipurtown) February 10, 2026Also Read
- इंस्टाग्राम रील बनाने का जुनून पड़ा भारी, वीडियो में फांसी का नाटक करते वक्त बिगड़ा संतुलन; महिला की दर्दनाक मौत
- कबूतर ने ज्वेलरी शॉप से उड़ाई सोने की चेन, फिर गले में पहनकर बना 'मॉडल'; मजेदार वीडियो हुआ वायरल
- नवाबी हो तो ऐसी! कूड़ा फेंकने के लिए महिला ने बुक किया पोर्टर, वीडियो में देखें राइडर का कैसा था रिएक्शन
वीडियो में नीतीश कुमार खुद को पीड़ित बताते हुए कहता है कि 7 फरवरी को वह लाइब्रेरी जा रहा था. इसी दौरान गांव के कुछ युवकों ने उसे जबरन उठा लिया. उसका आरोप है कि उसे नशीला पदार्थ दिया गया और मारपीट की गई. नीतीश का कहना है कि इसके बाद मोरवा प्रखंड स्थित खुदनेश्वर स्थान मंदिर में उसकी जबरन शादी करवा दी गई. उसने यह भी आरोप लगाया कि विवाह के बाद उसे घर में बंद कर दिया गया ताकि वह किसी से संपर्क न कर सके.
मामला सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आ गई है. वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने नीतीश कुमार को कथित ससुराल से निकालकर थाना लाकर पूछताछ शुरू कर दी है. पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. पटोरी थाना प्रभारी अनिल कुमार ने मीडिया को बताया कि पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि विवाह सहमति से हुआ या जबरदस्ती. साथ ही वायरल वीडियो में किए गए दावों की सत्यता की भी जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.