Summer Health Tips: धूप में निकलते ही गायब हो जाती है एनर्जी? ये आसान टिप्स रखेंगे आपको दिनभर एक्टिव

गर्मी में थोड़ी देर धूप में रहने से ही शरीर थक जाता है. जानिए क्यों घटती है एनर्जी और कैसे आसान तरीकों से पूरे दिन एक्टिव रहा जा सकता है.

X
Babli Rautela

गर्मी का मौसम शुरू होते ही तेज धूप और बढ़ता तापमान हमारे शरीर पर असर डालने लगता है. जब हम धूप में बाहर निकलते हैं तो शरीर खुद को ठंडा रखने के लिए ज्यादा पसीना निकालता है. इस प्रक्रिया में शरीर से पानी और जरूरी मिनरल्स बाहर निकल जाते हैं. यही वजह है कि शरीर में पानी की कमी यानी डिहाइड्रेशन हो जाता है. पानी की कमी होने पर ब्लड सर्कुलेशन धीमा पड़ जाता है और शरीर को पर्याप्त ऑक्सीजन नहीं मिलती. इससे थकान, चक्कर और कमजोरी महसूस होती है.

गर्मी में एनर्जी बनाए रखने के लिए सबसे जरूरी है कि शरीर में पानी की कमी न होने दी जाए. दिनभर थोड़ा थोड़ा पानी पीते रहें. प्यास लगने का इंतजार करना सही नहीं है. आप नारियल पानी, नींबू पानी, छाछ और ओआरएस जैसे पेय भी ले सकते हैं. ये शरीर में जरूरी नमक और मिनरल्स की पूर्ति करते हैं. इसके अलावा तरबूज, खरबूजा, खीरा और संतरा जैसे फल भी खाएं क्योंकि इनमें पानी भरपूर होता है.

हल्का और सही खानपान है जरूरी

गर्मी में भारी और तला भुना खाना शरीर को और ज्यादा थका देता है. ऐसे में हल्का और आसानी से पचने वाला भोजन लेना बेहतर होता है. दही, सलाद, हरी सब्जियां और दाल जैसे विकल्प शरीर को ठंडक देते हैं. सुबह भीगे हुए बादाम और केला खाने से शरीर को तुरंत एनर्जी मिलती है और दिनभर कमजोरी महसूस नहीं होती.

धूप से बचाव करना बेहद जरूरी

गर्मी के दिनों में दोपहर के समय धूप सबसे ज्यादा तेज होती है. इसलिए कोशिश करें कि 12 बजे से 4 बजे के बीच बाहर न निकलें. अगर बाहर जाना जरूरी हो तो सिर को ढककर रखें. हल्के रंग के ढीले कपड़े पहनें ताकि शरीर को ठंडक मिल सके. यह छोटे छोटे कदम आपको गर्मी के असर से बचाते हैं. धूप से आने के तुरंत बाद ठंडा पानी पीना या तुरंत एसी में बैठ जाना नुकसान पहुंचा सकता है. पहले कुछ देर आराम करें और शरीर को सामान्य तापमान पर आने दें. इसके बाद ही पानी पिएं या नहाएं. यह आदत आपको अचानक तापमान बदलने से होने वाली परेशानी से बचाती है.

धूप से आते ही आइसक्रीम या फ्रिज का ठंडा पानी पीना कई बार गले की समस्या पैदा कर सकता है. इसलिए थोड़ी देर इंतजार करना बेहतर होता है ताकि शरीर खुद को संतुलित कर सके. गर्मी में शरीर जल्दी थक जाता है इसलिए पूरी नींद लेना बहुत जरूरी है. अगर आप रोजाना 7 से 8 घंटे की नींद लेते हैं तो आपका शरीर बेहतर तरीके से काम करता है और आप दिनभर एक्टिव रहते हैं.