menu-icon
India Daily

क्या आज शेयर बाजार में होगा धमाका? बजाज फाइनेंस, L&T और नवीन फ्लोराइन समेत ये 10 स्टॉक्स पर रहेगा फोकस

30 अप्रैल को शेयर बाजार में बजाज फाइनेंस, लार्सन एंड टुब्रो, नवीन फ्लोराइन और आईआईएफएल फाइनेंस समेत कई कंपनियां फोकस में रहेंगी. इन कंपनियों ने अच्छे तिमाही नतीजे घोषित किए हैं, जबकि कुछ ने बड़े ऑर्डर और सौदे भी किए हैं. आज कई कंपनियों के नतीजे भी आने वाले हैं.

Kuldeep Sharma
Edited By: Kuldeep Sharma
क्या आज शेयर बाजार में होगा धमाका? बजाज फाइनेंस, L&T और नवीन फ्लोराइन समेत ये 10 स्टॉक्स पर रहेगा फोकस
Courtesy: grok

मुंबई: आज 30 अप्रैल को भारतीय शेयर बाजार में कारोबारियों की नजर कई बड़ी कंपनियों पर होगी. बजाज फाइनेंस और नवीन फ्लोराइन जैसे शेयरों ने शानदार तिमाही नतीजे दिए हैं, वहीं लार्सन एंड टुब्रो ने हैदराबाद मेट्रो में अपनी हिस्सेदारी बेचने का बड़ा सौदा किया है. इंडियन ह्यूम पाइप को भी बड़ा ऑर्डर मिला है. आज हिंदुस्तान यूनिलीवर, अदानी पोर्ट्स और बजाज फिनसर्व समेत कई कंपनियां अपने मार्च तिमाही के नतीजे घोषित करने वाली हैं. निवेशक इन खबरों पर बारीकी से नजर रख रहे हैं क्योंकि ये शेयरों की चाल तय कर सकती हैं.

तिमाही नतीजे

बजाज फाइनेंस ने मार्च तिमाही में 22 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 5,553 करोड़ रुपये का लाभ कमाया. इसकी नेट इंटरेस्ट इनकम 20 प्रतिशत बढ़कर 11,781 करोड़ रुपये पहुंच गई है. कंपनी के बोर्ड ने बोरिंग लिमिट बढ़ाने की मंजूरी दे दी है. शेफलर इंडिया का लाभ 25.6 प्रतिशत बढ़कर 316.1 करोड़ रुपये हो गया. नवीन फ्लोराइन का प्रॉफिट 124 प्रतिशत उछलकर 212.6 करोड़ रुपये पहुंच गया, जबकि आईआईएफएल फाइनेंस का लाभ 182.6 प्रतिशत बढ़कर 586.8 करोड़ रुपये रहा. कुछ कंपनियों जैसे आरपीजी लाइफ साइंसेज और एचईजी को घाटा हुआ है.

शेयरों पर नजर

लार्सन एंड टुब्रो ने हैदराबाद मेट्रो रेल में अपनी पूरी हिस्सेदारी 1,461.47 करोड़ रुपये में बेचने का समझौता किया है. ब्रिगेड एंटरप्राइजेज ने बैंन कैपिटल के साथ बेंगलुरु में 2,200 करोड़ रुपये के प्रीमियम प्रोजेक्ट के लिए 50:50 जॉइंट वेंचर बनाया है. इंडियन ह्यूम पाइप कंपनी को हैदराबाद में पानी सप्लाई स्कीम के लिए 458.69 करोड़ रुपये का बड़ा ऑर्डर मिला है. पुरावंकारा की सब्सिडियरी को भी बेंगलुरु के प्रोजेक्ट के लिए 144.45 करोड़ रुपये का काम सौंपा गया है.

बड़ी डील और अन्य खबरें

एमक्योर फार्मास्यूटिकल्स में नॉर्वेज बैंक की पेंशन फंड ने 289.47 करोड़ रुपये में 18 लाख शेयर खरीदे. एसजी फिनसर्व में प्रमोटर एंटिटी ने 21.15 करोड़ रुपये में शेयर खरीदे. फेडरल बैंक ने मणिकंदन एम को नए मुख्य वित्त अधिकारी की नियुक्ति की मंजूरी दे दी है. आज एबीबी इंडिया, हिंदुस्तान जिंक, वरुण बेवरेजेस और वेसुवियस इंडिया समेत कई कंपनियां एक्स-डिविडेंड ट्रेड करेंगी.

आज और आने वाले नतीजे

आज हिंदुस्तान यूनिलीवर, बजाज फिनसर्व, अदानी पोर्ट्स, एसीसी, डॉक्टर लाल पाथलैब्स और मजगांव डॉक शिपबिल्डर्स समेत 20 से ज्यादा कंपनियां अपने मार्च तिमाही नतीजे जारी करेंगी. 1 मई को फिलाटेक्स इंडिया, रामकृष्ण फोर्जिंग्स और जेन टेक्नोलॉजीज के नतीजे आएंगे. 2 मई को कोटक महिंद्रा बैंक, एवेन्यू सुपरमार्ट्स और एपीएल अपोलो ट्यूब्स के नतीजे घोषित होंगे.

बाजार का माहौल

30 अप्रैल को इन कंपनियों के मजबूत नतीजों, नए ऑर्डर और सौदों की वजह से बाजार में सक्रियता बढ़ सकती है. अच्छे नतीजे देने वाली कंपनियों जैसे बजाज फाइनेंस, नवीन फ्लोराइन और आईआईएफएल फाइनेंस में खरीदारी देखी जा सकती है, जबकि घाटा झेल रही कंपनियों पर दबाव रह सकता है. निवेशकों को अपनी रिसर्च के आधार पर फैसला लेना चाहिए क्योंकि शेयर बाजार में जोखिम हमेशा बना रहता है.