कोलकाता: बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री बन गए हैं. आज शनिवार को कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में मुख्यमंत्री पद की शपथ ले चुके हैं. समारोह में NDA के सीनियर नेता, जिनमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, आंध्र प्रदेश के CM चंद्रबाबू नायडू और दूसरे लोग शामिल हुए. इस खास मौके पर लोग जानना चाहते हैं कि बतौर मुख्यमंत्री उनकी सैलरी कितनी होगी, साथ ही उन्हें क्या-क्या सुविधाएं दी जाएंगी.
अपने चुनावी हलफनामे के अनुसार, सुवेंदु अधिकारी के पास स्नातकोत्तर डिग्री है. उन्होंने 2011 में रवींद्र भारती विश्वविद्यालय से एमए की उपाधि प्राप्त की. अधिकारी ने विद्यासागर विश्वविद्यालय से संबद्ध कांथी स्थित प्रभात कुमार कॉलेज से कला स्नातक (बीए) की उपाधि प्राप्त की. उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा कांथी हाई स्कूल से पूरी की.
सुवेंदु अधिकारी ने अपने 2026 के चुनाव संबंधी हलफनामे में कहा है कि 2024-25 के लिए उनकी वार्षिक आय बढ़कर लगभग 17.38 लाख रुपये हो गई है. उनकी कुल संपत्ति कथित तौर पर लगभग 85.87 लाख रुपये की है.
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री की चर्चा हो रही है. जानकारी के अनुसार बंगाल के मुख्यमंत्री को हर महीने करीब 2.10 लाख रुपये वेतन और भत्तों के रूप में मिलते हैं. इस सैलरी को अलग-अलग हिस्सों में बांटी गई होती है. मुख्यमंत्री बनने वाले नेता पहले विधायक होते हैं, इसलिए उन्हें विधायक के तौर पर मिलने वाली सैलरी भी इसमें जोड़ दिया जाता है.
मुख्यमंत्री पद पर लगभग 50 हजार रुपये मूल वेतन दिया जाता है. इतना ही नहीं प्रशासनिक जिम्मेदारियों और विशेष पद के तहत करीब 51 हजार रुपये अतिरिक्त मिलते हैं. ऐसे में बेसिक सैलरी लगभग 1 लाख रुपये तक पहुंच जाती है. साथ ही निर्वाचन क्षेत्र भत्ता और अन्य कंपंसेटरी अलाउंस जोड़ने के बाद कुल मासिक सैलरी करीब 2.10 लाख रुपये हो जाती है.
एक समय अधिकारी तत्कालीन मुख्यमंत्री बनर्जी के सहायक के रूप में कार्यरत थे, जब वह तृणमूल कांग्रेस की बागडोर संभाल रही थीं और सत्ता की बागडोर उनके हाथों में थी. अब, अधिकारी उसी आरामदायक कुर्सी पर काबिज हो गए हैं, जिस पर कभी वही व्यक्ति विराजमान हुआ करता था, जिसके वह सहायक थे.