menu-icon
India Daily

महराजगंज: नया जूता पहले पहनने की जिद में बड़े भाई ने गुस्से में छोटे की कर दी हत्या

महराजगंज में जूते को लेकर हुए विवाद में बड़े भाई ने छोटे भाई पर कैंची से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई. घटना के बाद परिवार सदमे में है और पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
महराजगंज: नया जूता पहले पहनने की जिद में बड़े भाई ने गुस्से में छोटे की कर दी हत्या
Courtesy: Pinterest

महराजगंज: उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले से एक बेहद दुखद और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. सोमवार को घुघली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले चौमुखा गांव के नौका टोला इलाके में एक मामूली सी बात इतनी भयानक स्थिति में बदल गई बड़े भाई ने गुस्से में आकर छोटे भाई पर कैंची से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई.

इस घटना की शुरुआत तब हुई जब बड़े भाई सूरज शर्मा ने ऑनलाइन जूतों की एक नई जोड़ी मंगवाई. उसके छोटे भाई लक्ष्मण ने तुरंत जिद पकड़ ली कि वह उन जूतों को सबसे पहले पहनेगा. इस मांग ने दोनों भाइयों के बीच ज़ुबानी बहस छेड़ दी. देखते ही देखते यह मामूली सी बहस एक बड़े झगड़े में बदल गई, जो आखिरकार हाथापाई तक पहुंच गई.

वहां मौजूद लोगों ने क्या बताया?

वहां मौजूद लोगों ने बताया कि सूरज, जो अपना आपा पूरी तरह खो चुका था. उसने पास ही पड़ी एक कैंची उठाई और अपने छोटे भाई लक्ष्मण पर पागलों की तरह हमला कर दिया. उसने लक्ष्मण के सिर और हाथों पर कई वार किए, जिससे लक्ष्मण बुरी तरह लहूलुहान होकर वहीं जमीन पर गिर पड़ा. हमले के बाद घर चीख-पुकार और रोने-धोने की आवाजों से गूंज उठा, जिससे पूरा परिवार सदमे में आ गया.

पुलिस ने क्या लिया एक्शन?

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस फौरन मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल लक्ष्मण को घुघली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. उसकी नाज़ुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया लेकिन वहां पहुंचने पर मेडिकल स्टाफ ने उसे मृत घोषित कर दिया. 

उसकी मौत की खबर ने परिवार में कोहराम मचा दिया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई. गांव वाले इस घटना से स्तब्ध हैं और यह समझ नहीं पा रहे हैं कि इतनी मामूली सी बात पर कोई भाई अपने ही भाई की हत्या कैसे कर सकता है. 

SHO ने क्या कहा?

घुघली के स्टेशन हाउस ऑफिसर कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि इस घटना के संबंध में अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई औपचारिक लिखित शिकायत नहीं मिली है. लिखित शिकायत मिलने पर मामला दर्ज किया जाएगा और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की जाएगी. फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है.