लुधियाना: रविवार को पंजाब के खन्ना क्षेत्र में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. लुधियाना से उत्तर प्रदेश के गोंडा जा रही एक स्लीपर बस में सफर के दौरान अचानक आग भड़क उठी. बस में महिलाएं और बच्चे समेत करीब 80 यात्री मौजूद थे. चालक और परिचालक की सतर्कता से सभी यात्रियों की जान बच गई.
लुधियाना-अमृतसर नेशनल हाईवे पर बिजा गांव के पास पहुंचते ही बस के पिछले हिस्से से धुआं निकलना शुरू हो गया. शुरुआती जानकारी के मुताबिक आग सामान रखने वाले हिस्से में लगी और तेजी से फैल गई. कुछ ही मिनटों में धुआं यात्री केबिन तक पहुंच गया, जिससे बस के अंदर अफरा-तफरी मच गई. कई यात्री घबराकर सीटों से उठ गए और बाहर निकलने की कोशिश करने लगे. देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया.
यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर चालक ने तुरंत बस को सड़क किनारे रोक दिया. इसके बाद परिचालक ने तेजी दिखाते हुए एक-एक यात्री को सुरक्षित बाहर निकाला. सभी लोगों को समय रहते बस से उतार लिया गया, जिससे किसी तरह की जनहानि नहीं हुई. हालांकि जल्दबाजी में कोई भी अपना सामान नहीं बचा सका. कुछ यात्रियों को मामूली चोटें और हल्की झुलसन आई, जिन्हें मौके पर प्राथमिक उपचार दिया गया.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं. दो फायर ब्रिगेड वाहनों की मदद से आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी. खन्ना की एसडीएम स्वाति तिवाना ने घटनास्थल का निरीक्षण कर राहत कार्यों की समीक्षा की. प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है. प्रशासन यात्रियों की सूची तैयार कर रहा है और उनके आगे के सफर के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है.