अनूपपुर में ट्रैक्टर पलटते ही मचा कोहराम, गिट्टी लेने जा रहे 4 लोग की नीचे दबकर हुई मौत
अनूपपुर में ट्रैक्टर ट्रॉली पलटने से चार लोगों की मौत हो गई. हादसा नियंत्रण खोने के कारण हुआ और मृतकों की पहचान अभी नहीं हो पाई है.
अनूपपुर: अनूपपुर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां ट्रैक्टर ट्रॉली पलटने से चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. यह हादसा करनपाथर इलाके में हुआ, जिसने पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल पैदा कर दिया है.
जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर डिंडोरी से अनूपपुर की ओर पिसी हुई गिट्टी लेने जा रहा था. इसी दौरान रास्ते में अचानक चालक का वाहन पर नियंत्रण खत्म हो गया और ट्रैक्टर ट्रॉली सड़क किनारे पलट गई. हादसा इतना भयानक था कि उसमें सवार लोग ट्रैक्टर के नीचे दब गए और उन्हें बाहर निकलने का मौका भी नहीं मिल पाया.
वहां मौजूद लोगों ने क्या बताया?
वहां मौजूद लोगों के मुताबिक घटना के तुरंत बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया गया, लेकिन तब तक चारों लोगों की मौत हो चुकी थी. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए.
करनपाथर थाना प्रभारी ने क्या बताया?
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं. करनपाथर थाना प्रभारी बीरेंद्र वरकाडे ने बताया कि ट्रैक्टर के इंजन के नीचे दबने से चारों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. फिलहाल पुलिस द्वारा ट्रैक्टर को हटाने और शवों को बाहर निकालने का कार्य किया जा रहा है.
अधिकारियों के अनुसार मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है, लेकिन आशंका जताई जा रही है कि सभी लोग डिंडोरी जिले के निवासी थे और गिट्टी लाने के लिए जा रहे थे.
क्या था हादसे का कारण?
पुलिस ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि ट्रैक्टर का नियंत्रण कैसे बिगड़ा. मृतकों के परिजनों की पहचान कर उन्हें सूचना देने की प्रक्रिया भी जारी है.
इस दर्दनाक हादसे ने पर स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे हादसों को रोकने के लिए सख्त कदम उठाने की जरूरत है. फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.