menu-icon
India Daily

लाल किले के पास हुए आतंकी ब्लास्ट में हुआ था 2 किलो अमोनियम नाइट्रेट का इस्तेमाल, जांच रिपोर्ट में खुलासा

दिल्ली के लाल किले के पास हुए धमाके में दो किलो से ज्यादा अमोनियम नाइट्रेट के इस्तेमाल की पुष्टि हुई है. इस विस्फोट में 13 लोगों की मौत हुई और 20 से ज्यादा घायल हुए.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
लाल किले के पास हुए आतंकी ब्लास्ट में हुआ था 2 किलो अमोनियम नाइट्रेट का इस्तेमाल, जांच रिपोर्ट में खुलासा
Courtesy: @wasi_arain_2000

दिल्ली के लाल किले के पास 10 नवंबर को हुए भीषण धमाके को लेकर जांच एजेंसियों ने चौंकाने वाले तथ्य सामने रखे हैं. रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि इस विस्फोट में दो किलो से अधिक अमोनियम नाइट्रेट का इस्तेमाल किया गया था.

यह धमाका नेताजी सुभाष मार्ग के ट्रैफिक सिग्नल के पास हुआ था, जिसने मौके पर खड़ी कई गाड़ियों को क्षतिग्रस्त कर दिया और भीड़भाड़ वाले इलाके में भारी जनहानि हुई. अब जांच टीमें सुरागों को जोड़कर पूरी साजिश का परत-दर-परत खुलासा कर रही हैं.

बन बनाने में एक्सपर्ट था हमलावर उमर नबी

मुख्य संदिग्ध उमर नबी कश्मीर का रहने वाला एक डॉक्टर है, जो फरीदाबाद स्थित अल फला यूनिवर्सिटी से जुड़ा हुआ था. जांच में सामने आया है कि वह विस्फोटक बनाने में “एक्सपर्ट” माना जाता है और संभवतः धमाके में इस्तेमाल हुआ बम भी उसने ही तैयार किया.

फोरेंसिक टीम का कहना है कि इस तरह के बम पांच से दस मिनट में तैयार किए जा सकते हैं. एजेंसियां यह भी जांच रही हैं कि क्या नबी ने पास के पार्किंग स्थल में बम तैयार किया था.

क्या था उमर नबी का पहला प्लान

सूत्रों के अनुसार, उमर नबी की पहली योजना लाल किले की पार्किंग के पास ही विस्फोट करने की थी, लेकिन उसके साथियों की गिरफ्तारी के बाद वह घबरा गया और लोकेशन बदल दी. उसके दो सहयोगी, मुमजमिल अहमद गनई और शाहीन सईद, भी अल फला यूनिवर्सिटी में डॉक्टर थे. धमाके से कुछ घंटे पहले ही जम्मू-कश्मीर पुलिस ने जैश-ए-मोहम्मद और अंसार गजवत-उल-हिंद से जुड़े एक “व्हाइट कॉलर” मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया था.

बरामद हुआ था 2,900 किलो विस्फोटक

जम्मू-कश्मीर पुलिस ने इस मॉड्यूल से जुड़े सात लोगों को गिरफ्तार किया था और करीब 2,900 किलो विस्फोटक सामग्री बरामद की थी. यह बरामदगी एजेंसियों की आशंका को मजबूत करती है कि दिल्ली धमाके की साजिश किसी बड़े नेटवर्क से जुड़ी हो सकती है. फिलहाल सभी गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और उनके नेटवर्क का नक्शा खंगाला जा रहा है.

कहां से जुटाई थी बम बनाने की सामग्री

धमाके की जांच कई स्तरों पर आगे बढ़ रही है. एजेंसियां यह जानने की कोशिश कर रही हैं कि उमर नबी ने विस्फोटक बनाने के लिए सामग्री कहां से जुटाई और दिल्ली तक कैसे पहुंचाया. शुरुआती रिपोर्ट से यह भी संकेत मिला है कि यह हमला पहले से सक्रिय आतंकी मॉड्यूल की बड़ी साजिश का हिस्सा था. सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके में सीसीटीवी फुटेज और डिजिटल ट्रेल खंगालना शुरू कर दिया है.

भीड़भाड़ वाला इलाका है लाल किला

लाल किला दिल्ली का प्रमुख पर्यटन स्थल है, जहां रोज भारी भीड़ रहती है. इस घटना ने ऐसे स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. विशेषज्ञों का कहना है कि अत्यधिक भीड़ वाले स्थानों पर सुरक्षा मानकों और निगरानी व्यवस्था को और मजबूत करने की जरूरत है, ताकि इस तरह की वारदातों को रोका जा सके.