नई दिल्ली: नई दिल्ली में लाल किले के पास हुए कार बम विस्फोट ने न केवल राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था को हिला दिया, बल्कि इसके बाद लगाए गए प्रतिबंधों ने पुरानी दिल्ली की रोजमर्रा की गतिविधियों को भी गहराई से प्रभावित किया.
पांच दिनों तक बंद रहने के बाद नेताजी सुभाष मार्ग को आज दोबारा खोल दिया गया, जिससे व्यापारियों, यात्रियों और स्थानीय निवासियों ने बड़ी राहत की सांस ली. सुरक्षा एजेंसियों की विस्तृत जांच के बाद यह फैसला लिया गया, जबकि इलाके में सतर्कता अब भी बरकरार है.
बीते सोमवार को लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए कार बम विस्फोट ने दिल्ली को दहला दिया था. इस धमाके में कई लोगों की मौत हो गई और कई घायल हुए, जिसे संभावित आतंकी हमले से जुड़ा बताया जा रहा है. घटना के तुरंत बाद दिल्ली पुलिस ने नेताजी सुभाष मार्ग को छत्ता रेल कट से सुभाष मार्ग कट तक पूरी तरह बंद कर दिया था, ताकि राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड, एनआईए और दिल्ली पुलिस की टीमें बेधड़क जांच पूरी कर सकें.
DMRC ने ट्वीट किया, "लाल किला मेट्रो स्टेशन पर गेट नंबर 2 और 3 अब यात्रियों के लिए खोल दिए गए हैं।" pic.twitter.com/AJMFn18cSv
— ANI_HindiNews (@AHindinews) November 15, 2025
डीडीएमआरसी ने जानकारी दी कि सुरक्षा कारणों से बंद किए गए लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 2 और 3 को शनिवार सुबह फिर से खोल दिया गया है. विस्फोट के तुरंत बाद स्टेशन को सील कर दिया गया था, जिससे यात्रियों को भारी असुविधा हुई. अब स्टेशन खुलने के साथ ही पुरानी दिल्ली आने-जाने वालों के लिए राहत की स्थिति बहाल हुई है और मेट्रो संचालन पूरी तरह सामान्य हो गया है.
सुरक्षा एजेंसियों की गहन जांच के बाद शनिवार सुबह नेताजी सुभाष मार्ग को दोबारा खोल दिया गया है. पांच दिनों के प्रतिबंध ने चांदनी चौक, खारी बावली, भागीरथ पैलेस और फोटोग्राफी मार्केट जैसे व्यस्त व्यापारिक इलाकों की गतिविधियां लगभग रोक दी थीं. सड़क खुलते ही दुकानदारों और ग्राहकों में उत्साह लौट आया. लोगों का कहना है कि यह मार्ग पुरानी दिल्ली के लिए लाइफलाइन जैसा है, और इसके बंद रहने से कारोबार पूरी तरह ठप पड़ गया था.
#WATCH | Delhi terror blast case | Delhi: Road around the incident spot, which was closed following the blast on 10th November, has now been opened for traffic movement. pic.twitter.com/jJDjAgBZQw
— ANI (@ANI) November 15, 2025
स्थानीय दुकानदारों ने मार्ग खुलने को बड़ी राहत बताया. फोटोग्राफी मार्केट के व्यापारी संजय शर्मा ने कहा कि पिछले पांच दिनों में ग्राहकों की आवाजाही लगभग शून्य रही, जिससे व्यापार में भारी गिरावट आई. कई दुकानदारों का कहना है कि इकट्ठा हुआ नुकसान पूरा होने में अब समय लगेगा, लेकिन मार्ग खुलने के बाद उम्मीदें फिर जगी हैं. लोगों ने सुरक्षा एजेंसियों की मेहनत की सराहना करते हुए जांच प्रक्रिया में सहयोग जारी रखने की अपील की है.
लाल किले को भी सुरक्षा कारणों से अस्थायी रूप से बंद किया गया था, लेकिन अब इसे फिर से पर्यटकों के लिए खोल दिया गया है. हालांकि, परिसर और आसपास का इलाका अब भी कड़ी निगरानी में रहेगा. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा उपायों को बढ़ाया गया है और संदिग्ध गतिविधियों पर चौकस नजर रखी जा रही है. अधिकारियों ने नागरिकों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की तुरंत सूचना देने की अपील की है.