menu-icon
India Daily

PM Modi Schemes: शिक्षा और रोजगार को मिलेगी आज नई उड़ान, PM मोदी देंगे 62000 करोड़ रुपए की सौगात, बिहार के युवाओं पर होगा फोकस

PM Modi Schemes: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 62,000 करोड़ रुपए से अधिक की युवा-केंद्रित योजनाओं की आज शुरुआत करेंगे. इसमें पीएम-सेतु योजना, 1,200 व्यावसायिक प्रयोगशालाएं, बिहार में नई शिक्षा और रोजगार योजनाएं, कौशल विश्वविद्यालय और एनआईटी बिहटा परिसर शामिल हैं. इन योजनाओं का लक्ष्य युवाओं को शिक्षा, कौशल और रोजगार के अवसर प्रदान कर सशक्त बनाना है.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
PM Modi Schemes: शिक्षा और रोजगार को मिलेगी आज नई उड़ान, PM मोदी देंगे 62000 करोड़ रुपए की सौगात, बिहार के युवाओं पर होगा फोकस
Courtesy: @BJP4India x account

PM Modi Schemes: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 4 अक्टूबर यानी आज नई दिल्ली के विज्ञान भवन से देशभर के युवाओं के लिए 62,000 करोड़ रुपए से अधिक की ऐतिहासिक योजनाओं की शुरुआत करेंगे. इन पहलों का उद्देश्य शिक्षा, कौशल और उद्यमिता को बढ़ावा देना है, ताकि युवा सशक्त होकर देश की प्रगति में अहम भूमिका निभा सकें. कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने 'पीएम-सेतु' योजना का शुभारंभ करेंगे.

60,000 करोड़ रुपए की इस केंद्र प्रायोजित योजना के तहत देशभर में 1,000 सरकारी आईटीआई को हब-एंड-स्पोक मॉडल में अपग्रेड किया जाएगा. इसमें 200 हब और 800 स्पोक आईटीआई शामिल होंगे. हर हब लगभग चार स्पोक से जुड़ा होगा, जिससे उन्नत बुनियादी ढांचे, आधुनिक ट्रेडों, डिजिटल शिक्षण प्रणाली और इनक्यूबेशन सुविधाओं से लैस समूह तैयार किए जाएंगे. इसे लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट भी किया और कहा कि बिहार सरकार युवाओं की शिक्षा और कौशल विकास के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रही है.

व्यावसायिक कौशल प्रयोगशालाओं का उद्घाटन

प्रत्येक हब में नवाचार केंद्र, प्रशिक्षक प्रशिक्षण, उत्पादन इकाइयां और प्लेसमेंट सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. पहले चरण में पटना और दरभंगा के आईटीआई को विशेष महत्व दिया जाएगा. प्रधानमंत्री ने 34 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 400 नवोदय विद्यालयों और 200 एकलव्य विद्यालयों में स्थापित 1,200 व्यावसायिक कौशल प्रयोगशालाओं का उद्घाटन भी करेंगे. यहां छात्रों को आईटी, ऑटोमोटिव, कृषि, इलेक्ट्रॉनिक्स, रसद और पर्यटन जैसे 12 क्षेत्रों में व्यावहारिक प्रशिक्षण मिलेगा. इसके लिए 1,200 व्यावसायिक शिक्षकों को प्रशिक्षित किया जाएगा.

बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना की शुरुआत

बिहार को विशेष महत्व देते हुए प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना और पुनः डिजाइन की गई बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना की शुरुआत करेंगे. भत्ता योजना के तहत हर वर्ष पांच लाख स्नातक युवाओं को दो वर्षों तक 1,000 रुपए मासिक भत्ता और मुफ्त कौशल प्रशिक्षण मिलेगा. वहीं, छात्र क्रेडिट कार्ड योजना के अंतर्गत 4 लाख रुपए तक का ब्याज मुक्त शिक्षा ऋण मिलेगा. अभी तक 3.92 लाख छात्रों को 7,880 करोड़ रुपए का लाभ मिल चुका है.

बिहार युवा आयोग का उद्घाटन 

इसके अलावा, प्रधानमंत्री ने बिहार युवा आयोग का उद्घाटन करेंगे और जन नायक कर्पूरी ठाकुर कौशल विश्वविद्यालय को राष्ट्र को समर्पित करेंगे. साथ ही पीएम-उषा यानी प्रधानमंत्री उच्चतर शिक्षा अभियान के तहत पटना, मधेपुरा, छपरा और नालंदा के विश्वविद्यालयों में नई शैक्षणिक सुविधाओं का शिलान्यास करेंगे. 160 करोड़ रुपए की इन परियोजनाओं से 27,000 छात्रों को लाभ मिलेगा.

नियुक्ति पत्र एवं छात्रवृत्ति का वितरण

प्रधानमंत्री ने एनआईटी पटना के बिहटा परिसर का उद्घाटन भी करेंगे. 6,500 छात्रों की क्षमता वाले इस परिसर में 5जी लैब, इसरो सहयोग से बना क्षेत्रीय अंतरिक्ष केंद्र और इनक्यूबेशन सेंटर की सुविधाएं हैं. प्रधानमंत्री ने 4,000 से अधिक उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे और 25 लाख विद्यार्थियों को 450 करोड़ रुपए की छात्रवृत्ति प्रदान करेंगे. यह सभी कदम युवाओं को शिक्षा, रोजगार और कौशल के नए अवसर देने की दिशा में ऐतिहासिक माने जा रहे हैं.