Bihar Election2025: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियों को तेज कर दिया है. दशहरा पर्व के समापन के बाद पार्टी अब सीट बंटवारे और उम्मीदवारों के चयन को लेकर गहन मंथन शुरू करने जा रही है. सूत्रों के अनुसार, बीजेपी की प्रदेश चुनाव समिति की दो दिवसीय महत्वपूर्ण बैठक 4-5 अक्टूबर को पटना में आयोजित होने वाली है. इस बैठक में पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और केंद्रीय पदाधिकारी शामिल होंगे. इसके बाद अगले कुछ दिनों में बीजेपी अपने सहयोगी दलों के साथ सीट बंटवारे पर चर्चा शुरू करेगी.
पटना में होने वाली इस बैठक में बीजेपी के चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान, सह-प्रभारी केशव प्रसाद मौर्य और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता सीआर पाटिल मौजूद रहेंगे. इसके अलावा, बिहार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा भी इस बैठक में हिस्सा लेंगे. इस दौरान पार्टी अपनी रणनीति को अंतिम रूप देगी और संभावित सीटों व उम्मीदवारों के नामों पर विचार-विमर्श करेगी. बैठक का मुख्य उद्देश्य बिहार विधानसभा चुनाव के लिए मजबूत रणनीति तैयार करना और सहयोगी दलों के साथ समन्वय स्थापित करना है.
बीजेपी, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के प्रमुख घटक के रूप में, अपने सहयोगी दलों जैसे जनता दल (यूनाइटेड), हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा और अन्य के साथ सीटों के तालमेल को लेकर सावधानीपूर्वक कदम उठाना चाहती है.
दिल्ली में होगी कोर ग्रुप की बैठक
पटना की बैठक के बाद बीजेपी की बिहार इकाई दिल्ली में अपनी कोर ग्रुप की बैठक आयोजित करेगी. इस बैठक में बिहार के लिए रणनीतिक दिशा-निर्देश तय किए जाएंगे और सीटों के बंटवारे पर अंतिम सहमति बनाई जाएगी. इसके बाद केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में उम्मीदवारों के नामों पर अंतिम मुहर लगाई जाएगी. बीजेपी चिराग पासवान, हम नेता जीतनराम मांझी और उपेंद्र कुशवाहा से सीट बंटवारे पर चर्चा की जाएगी. सीट शेयरिंग के बाद ही ये अंतिम फैसला होगा कि कौन सी पार्टी किस सीट पर चुनाव लड़ेगी.
बीजेपी की रणनीति
बिहार विधानसभा चुनाव में बीजेपी का लक्ष्य एनडीए के साथ मिलकर प्रचंड बहुमत हासिल करना है. पार्टी इस बार न केवल अपनी पारंपरिक सीटों पर कब्जा बरकरार रखना चाहती है, बल्कि कुछ नई सीटों पर भी अपनी पैठ मजबूत करना चाहती है. इसके लिए बीजेपी ने संगठन स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं. स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बनाकर पार्टी बूथ स्तर तक अपनी रणनीति को लागू करने की योजना बना रही है. बता दें कि आने वाले कुछ दिनों में बिहार विधानसभा के चुनाव की तारीखों का ऐलान हो सकता है. चुनाव आयोग की टीम शनिवार को बिहार के दौरे पर जा रही है.