सुपौल: बॉलीवुड के मशहूर प्लेबैक सिंगर उदित नारायण एक बार फिर बड़े विवाद में घिर गए हैं. इस बार उनकी पहली पत्नी रंजना नारायण झा ने उन पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं, जिसके बाद बिहार के सुपौल जिले में उनके खिलाफ FIR दर्ज कराई गई है. रंजना का दावा है कि उदित नारायण ने उन्हें धोखे से उनका गर्भाशय निकलवा दिया, जिससे उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से काफी यातना झेलनी पड़ी. इस खबर ने फैंस को हैरान कर दिया है, क्योंकि उदित नारायण हमेशा से अपनी मीठी आवाज के लिए जाने जाते हैं.
रंजना झा के अनुसार उनकी शादी उदित नारायण से 7 दिसंबर 1984 को हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी. शादी के बाद उदित मुंबई चले गए, जहां उन्होंने करियर बनाने के नाम पर दूसरी शादी कर ली. रंजना का आरोप है कि साल 1996 में उदित नारायण ने उन्हें इलाज के बहाने दिल्ली के एक बड़े अस्पताल ले जाया. वहां उनके दोनों भाई और दूसरी पत्नी दीपा नारायण भी मौजूद थीं. लेकिन बिना उनकी जानकारी या सहमति के उनका गर्भाशय निकाल दिया गया. रंजना को यह बात बहुत बाद में पता चली, जब उन्हें स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां हुईं.
रंजना ने आगे बताया कि उदित ने उन्हें कई बार आर्थिक मदद का वादा किया, लेकिन कभी पूरा नहीं किया. साल 2006 में जब वो मुंबई उदित के घर पहुंचीं तो उन्हें गाली-गलौज कर भगा दिया गया. इसके बाद वो नेपाल में ससुराल गईं, लेकिन वहां भी उन्हें अपमानित कर बाहर कर दिया गया. तब से वो अपने मायके में रह रही हैं और आर्थिक तंगी व बीमारी से जूझ रही हैं.
रंजना ने अपने वकील के साथ सुपौल के महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसमें उदित नारायण, उनके भाइयों संजय कुमार झा और ललित नारायण झा, तथा दूसरी पत्नी दीपा पर आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी और उत्पीड़न के आरोप लगाए गए. पुलिस ने शिकायत के आधार पर FIR दर्ज कर ली है. हालांकि थाना प्रभारी ने बताया कि मामला करीब 30 साल पुराना है, इसलिए जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई होगी.
अभी तक उदित नारायण या उनकी तरफ से इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. पहले भी उनकी पहली पत्नी से जुड़े विवाद सामने आ चुके हैं, जैसे मेंटेनेंस और संपत्ति के मामले, लेकिन यह आरोप सबसे गंभीर माना जा रहा है. फैंस और बॉलीवुड जगत में इस खबर से हलचल मची हुई है. उदित नारायण ने 'चांदनी रातें', 'पहला नशा' जैसे गानों से लाखों दिल जीते हैं, लेकिन उनकी निजी जिंदगी बार-बार सुर्खियों में रहती है.