Bihar Election 2025: बिहार में होनेवाले विधानसभा चुनाव को लेकर अब हलचल तेज हो गई है. भारत निर्वाचन आयोग का एक प्रतिनिधिमंडल मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की अगुवाई में बिहार पहुंच गया है, जहां विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक होगी. निर्वाचन आयोग के प्रतिनिधिमंडल के साथ राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की यह बैठक पटना में होगी, जिसके बाद जल्द ही विधानसभा चुनाव की तारीखों का एलान हो सकता है.
22 नवंबर को पूर्ण हो रहा है विधानसभा का कार्यकाल: राज्यों में होनेवाले विधानसभा चुनाव (Assembly Elections) की तारीखों के एलान से पहले चुनाव आयोग (ECI) उस राज्य का दौरा करता है, जिसके बाद ही तारीखों का एलान किया जाता है. बिहार में विधानसभा (Bihar Assembly) का कार्यकाल 22 नवंबर को पूर्ण हो रहा है, जिससे पहले चुनाव आयोग द्वारा निर्वाचन की प्रक्रिया पूर्ण कर ली जाएगी.
इसी क्रम में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में निर्वाचन आयोग का एक प्रतिनधिमंडल आज बिहार के पटना पहुंचा, जहां राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक होगी. दो दिनों तक चलने वाले इस बैठक में राजनीतिक दलों से चुनाव को लेकर सुझाव लिए जाएंगे, जिसके बाद उन सुझावों पर चुनाव आयोग चर्चा करेगा. चुनाव आयोग ने अपने सोशल मीडिया हैंडल X पर बिहार दौरे को लेकर जानकारी साझा की है.
मुख्य चुनाव आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार की अध्यक्षता में चुनाव आयुक्त डॉ. सुखबीर सिंह संधु एवं चुनाव आयुक्त डॉ. विवेक जोशी, बिहार के मुख्य चुनाव अधिकारी श्री विनोद गुंजियाल तथा आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बिहार के सभी 12 मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के साथ चर्चा शुरू हुई#ECI pic.twitter.com/A7pD2WtfLh
— Election Commission of India (@ECISVEEP) October 4, 2025
विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक के बाद चुनाव आयोग द्वारा सदस्य मंडल आयुक्तों, पुलिस महानिरीक्षकों, जिला निर्वाचन अधिकारियों और जिलों के पुलिस अधीक्षकों के साथ बैठक कर चुनाव की प्रशासनिक एवं सुरक्षा तैयारियों का जायजा भी लिया जाएगा. माना जा रहा है कि अक्टूबर के पहले सप्ताह में चुनाव की तारीखों का एलान हो सकता है. रिपोर्ट्स के मुताबिक चुनाव दो चरणों में कराए जा सकते हैं. चुनाव की तारीखों के एलान के साथ ही प्रदेश में आदर्श आचार संहिता भी लागु हो जाएगी.