menu-icon
India Daily

'मेरा राजनीति देख लीजिएगा महाराज...' तेज प्रताप ने बाबा बागेश्वर को किया वीडियो कॉल, दिलचस्प बातचीत हुई वायरल

तेज प्रताप यादव ने बागेश्वर धाम के धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से वीडियो कॉल पर बात की. मुस्कुराते हुए उन्होंने बाबा से अपना राजनीतिक भविष्य देखने को कहा. बाबा ने मुलाकात का वादा किया और विस्तार से चर्चा करने को कहा. यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है.

Kuldeep Sharma
Edited By: Kuldeep Sharma
'मेरा राजनीति देख लीजिएगा महाराज...' तेज प्रताप ने बाबा बागेश्वर को किया वीडियो कॉल, दिलचस्प बातचीत हुई वायरल
Courtesy: @ShilpiYlucknow

पटना: बिहार की राजनीति में एक बार फिर दिलचस्प घटनाक्रम देखने को मिल रहा है. लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और जेजेडी के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव का बागेश्वर धाम सरकार धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री यानी बाबा बागेश्वर से वीडियो कॉल का वीडियो वायरल हो गया है. वीडियो में दोनों के बीच हल्की-फुल्की और राजनीति से जुड़ी बातचीत सुनाई दे रही है. तेज प्रताप मुस्कुराते हुए बाबा से बात करते नजर आए, जबकि बाबा ने भी सकारात्मक जवाब दिया. हाल ही में तेज प्रताप प्रशांत किशोर से भी मिल चुके हैं, जिससे उनकी राजनीतिक गतिविधियां सुर्खियों में हैं.

तेज प्रताप ने बाबा से मांगी राजनीतिक सलाह

वीडियो कॉल के दौरान तेज प्रताप यादव ने धीरेंद्र शास्त्री से मुस्कुराते हुए कहा, 'मेरा राजनीतिक देख लीजिएगा महाराज, राजनीति.' उनकी इस अनौपचारिक और सीधी बात पर बाबा बागेश्वर भी मुस्कुरा दिए. तेज प्रताप की इस टिप्पणी से साफ लगता है कि वे अपनी राजनीतिक राह को लेकर बाबा से आशीर्वाद या सलाह चाहते हैं. वीडियो में दोनों के बीच माहौल काफी सौहार्दपूर्ण नजर आया, जो पहले के कुछ विवादों के विपरीत है.

बाबा बागेश्वर का जवाब

बाबा बागेश्वर ने तेज प्रताप की बात का जवाब देते हुए कहा कि जब वे दोनों साथ बैठेंगे तब इस मुद्दे पर विस्तार से चर्चा करेंगे. उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा, 'बिल्कुल पक्का, हम और आप बैठेंगे जब आपके यहां आएंगे.' इस पर तेज प्रताप ने तुरंत हामी भरी और कहा, 'जी जी साथ बैठेंगे.' बाबा का यह जवाब काफी सकारात्मक रहा, जिससे लगता है कि भविष्य में दोनों के बीच मुलाकात हो सकती है.

प्रशांत किशोर से हालिया मुलाकात

इस वीडियो कॉल से पहले तेज प्रताप यादव ने राजनीतिक रणनीतिकार प्रशांत किशोर से मुलाकात की थी. उन्होंने इस मुलाकात का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर करते हुए लिखा था कि यह दिन राजनीतिक दृष्टि से काफी अहम रहा. दोनों ने जनहित, भविष्य की राजनीति, जनता की अपेक्षाओं और बदलते राजनीतिक समीकरणों पर गहन चर्चा की. तेज प्रताप ने इसे अपने राजनीतिक जीवन का एक महत्वपूर्ण अनुभव बताया.

यहां देखें वीडियो

राजनीतिक गतिविधियां तेज

तेज प्रताप यादव इन दिनों अपनी राजनीतिक छवि को नई दिशा देने की कोशिश में दिख रहे हैं. प्रशांत किशोर से मुलाकात के बाद अब बाबा बागेश्वर जैसे लोकप्रिय धार्मिक नेता से संपर्क ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. राजनीतिक विश्लेषक इस घटनाक्रम को बिहार की आने वाली राजनीति से जोड़कर देख रहे हैं. हालांकि, इस वीडियो में दोनों पक्षों के बीच कोई ठोस राजनीतिक घोषणा नहीं हुई, बल्कि सिर्फ भविष्य की मुलाकात और चर्चा का वादा हुआ है.