menu-icon
India Daily

T20 World Cup 2026: संजू सैमसन ने खास लिस्ट में बनाई जगह, पाकिस्तान के खिलाफ 'बल्ला तोड़' जीत दिलाने वाले प्लेयर को पछाड़ा

संजू सैमसन ने इस मैच में एक खास रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. वह भारत की ओर से टी20 वर्ल्ड कप में डेब्यू करने वाले दूसरे सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए. संजू ने 31 साल और 93 दिन की उम्र में टी20 वर्ल्ड कप में अपना पहला मैच खेला.

Anuj
Edited By: Anuj
T20 World Cup 2026: संजू सैमसन ने खास लिस्ट में बनाई जगह, पाकिस्तान के खिलाफ 'बल्ला तोड़' जीत दिलाने वाले प्लेयर को पछाड़ा
Courtesy: @CricketCentrl

नई दिल्ली: आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय क्रिकेट टीम अपना दूसरा मुकाबला नामीबिया के खिलाफ खेल रही है. इस मुकाबले के लिए भारतीय टीम को प्लेइंग-11 में बदलाव करना पड़ा, क्योंकि सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा अस्वस्थ होने के कारण इस मैच में नहीं खेल सके.

उनकी जगह विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया. इसके अलावा जस्प्रीत बुमराह को इस मैच के लिए टीम में जगह मिली है, जबकि पिछले मैच में शानदार प्रदर्शन करने वाले सिराज को बाहर रखा गया है.

संजू के लिए खास रहा मुकाबला

यह मुकाबला संजू सैमसन के लिए बेहद खास रहा, क्योंकि उन्होंने इस मैच से टी20 वर्ल्ड कप में अपना पहला कदम रखा. टी20 वर्ल्ड कप के अपने डेब्यू मुकाबले में संजू सैमसन ने मैदान पर उतरते ही आक्रामक अंदाज दिखाया. उन्होंने कुछ आकर्षक और बड़े शॉट लगाए, जिससे दर्शकों में उत्साह देखने को मिला. हालांकि, उनकी पारी ज्यादा लंबी नहीं चल सकी. संजू को नामीबिया के तेज गेंदबाज बेन शिकोंगो ने आउट किया. लॉरेन स्टीनकैंप ने उनका कैच लपका. संजू ने केवल 8 गेंदों में 22 रन बनाए, जिसमें तीन छक्के और एक चौका शामिल था. 

खास लिस्ट में शामिल हुए सैमसन

संजू सैमसन ने इस मैच में एक खास रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. वह भारत की ओर से टी20 वर्ल्ड कप में डेब्यू करने वाले दूसरे सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए. संजू ने 31 साल और 93 दिन की उम्र में टी20 वर्ल्ड कप में अपना पहला मैच खेला. इस मामले में उन्होंने सूर्यकुमार यादव, आशीष नेहरा और लक्ष्मीपति बालाजी जैसे दिग्गज खिलाड़ियों को पीछे छोड़ दिया. उनसे आगे सिर्फ अनुभवी स्पिन गेंदबाज अमित मिश्रा हैं, जिन्होंने 31 साल और 117 दिन की उम्र में टी20 वर्ल्ड कप में डेब्यू किया था.

कप्तान सूर्यकुमार यादव को पीछे छोड़ा

भारतीय टीम के लिए टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा उम्र में डेब्यू करने वाले खिलाड़ियों की सूची में अमित मिश्रा पहले स्थान पर हैं, जबकि दूसरे नंबर पर अब संजू सैमसन का नाम जुड़ गया है. सूर्यकुमार यादव तीसरे, आशीष नेहरा चौथे और लक्ष्मीपति बालाजी पांचवें स्थान पर हैं.

भारत की प्लेइंग-11 

ईशान किशन, संजू सैमसन, तिलक वर्मा, कप्तान सूर्यकुमार यादव, रिंकू सिंह, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह और जसप्रीत बुमराह.

नामीबिया की प्लेइंग-11

लॉरेन स्टीनकैंप, जान फ्राइलिंक, जान निकोल लॉफ्टी-ईटन, कप्तान गेरहार्ड इरास्मस, जेजे स्मिट, विकेटकीपर जेन ग्रीन, रूबेन ट्रम्पेलमैन, मलान क्रूगर, बर्नार्ड शोल्ट्ज, बेन शिकोंगो और मैक्स हेंगो.