menu-icon
India Daily

IND vs SA: मार्को जैंसन ने बिना शतक लगाए ही रच दिया इतिहास, एक साथ तोड़ा विवियन रिचर्ड्स और हेडन का रिकॉर्ड

साउथ अफ्रीका के मार्को जैंसन ने गुवाहाटी टेस्ट में नंबर 9 पर उतरकर 93 रन की विस्फोटक पारी खेली. 7 छक्कों के साथ उन्होंने भारत में टेस्ट पारी में सबसे ज्यादा छक्कों का रिकॉर्ड बनाया और कई ऐतिहासिक उपलब्धियां अपने नाम कीं.

Kanhaiya Kumar Jha
IND vs SA: मार्को जैंसन ने बिना शतक लगाए ही रच दिया इतिहास, एक साथ तोड़ा विवियन रिचर्ड्स और हेडन का रिकॉर्ड
Courtesy: Social Media

गुवाहाटी: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच बारसपारा क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे दूसरे और निर्णायक टेस्ट मैच के पहले दिन साउथ अफ्रीका के ऑलराउंडर मार्को जैंसन ने धाकड़ बल्लेबाजी करते हुए इतिहास रच दिया. 

नौंवे क्रम पर बल्लेबाजी के लिए आए जैंसन ने आक्रामक अंदाज में खेलते हुए भारतीय गेंदबाजों पर जमकर प्रहार किए और मात्र 91 गेंदों में 93 रन ठोक दिए. उनकी इस पारी में 6 चौके और 7 शानदार छक्के शामिल रहे, जिसने भारतीय दर्शकों को भी चौंका दिया.

ताबड़तोड़ पारी से बना डाले कई रिकॉर्ड

जैंसन की इस ताबड़तोड़ पारी के साथ कई खास रिकॉर्ड उनके नाम हो गए. सबसे बड़ा रिकॉर्ड यह रहा कि उन्होंने भारत में भारत के खिलाफ एक टेस्ट पारी में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने का कीर्तिमान बना लिया. इससे पहले 1974 में दिल्ली टेस्ट में वेस्टइंडीज के महान बल्लेबाज विवियन रिचर्ड्स ने 6 छक्के लगाए थे और 2001 में कोलकाता टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया के मैथ्यू हेडन ने भी 6 छक्के जड़े थे. यान्सेन ने इन दोनों को पीछे छोड़ते हुए नया रिकॉर्ड स्थापित कर दिया.

भारत के खिलाफ एक टेस्ट पारी में सबसे ज्यादा छक्के

इसके अलावा, भारत के खिलाफ एक टेस्ट पारी में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने की सूची में जैंसन संयुक्त रूप से पहले स्थान पर पहुंच गए हैं. उनसे पहले पाकिस्तान के शाहीद अफरीदी ने 2006 में लाहौर टेस्ट में भारत के खिलाफ पारी में 7 छक्के लगाए थे. जैंसन अब इस रिकॉर्ड की बराबरी करने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं.

9 या इससे नीचे बल्लेबाजी करते हुए किसी खिलाड़ी द्वारा खेली गई सबसे बड़ी टेस्ट पारी

जैंसन ने बल्लेबाजी क्रम में भी इतिहास रचा. भारत में भारत के खिलाफ नंबर 9 या इससे नीचे बल्लेबाजी करते हुए किसी खिलाड़ी द्वारा खेली गई सबसे बड़ी टेस्ट पारी की सूची में वे अब दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं. उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के इयान जॉनसन का 1956 चेन्नई टेस्ट में बनाया गया 73 रन का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया. नंबर 9 पर उतरकर 93 रन की पारी किसी भी मानक पर असाधारण मानी जा रही है.

पहली पारी में साउथ अफ्रीका की मजबूत बल्लेबाजी का श्रेय केवल जैंसन को नहीं जाता. टीम के अनुभवी खिलाड़ी सेनुरन मुथुसामी ने भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 206 गेंदों में 109 रन की महत्वपूर्ण शतकीय पारी खेली. उनके और जैंसन के बीच हुई साझेदारी ने साउथ अफ्रीका को बड़ा स्कोर खड़ा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 489 रन का विशाल स्कोर बनाया.