नई दिल्ली: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना की शादी का दिन खुशियों से भरा होना था लेकिन सुबह-सुबह एक दुखद घटना ने सबकी मुस्कान छीन ली.
स्मृति के पिता श्रीनिवास मंधाना को अचानक दिल का दौरा पड़ा, जिसके बाद उन्हें सांगली के अस्पताल में भर्ती कराया गया. इस वजह से 23 नवंबर को होने वाली शादी को अनिश्चितकाल के लिए टाल दिया गया. स्मृति के मैनेजर तुहिन मिश्रा ने इसकी पुष्टि की है.
सुबह से ही स्मृति के पिता की हालत ठीक नहीं लग रही थी. तुरंत उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें निगरानी में रखा है. कई टेस्ट चल रहे हैं. मिश्रा ने बताया, "स्मृति ने साफ कहा कि ऐसी स्थिति में वह शादी नहीं करना चाहतीं. इसलिए शादी को स्थगित करने का फैसला लिया गया."
VIDEO | Tuhin Mishra, manager of Indian cricketer Smriti Mandhana, confirms that her father is not well and the wedding has been indefinitely postponed.
(Full video available on PTI Videos – https://t.co/n147TvqRQz) pic.twitter.com/K5EVJwyR4h— Press Trust of India (@PTI_News) November 23, 2025Also Read
स्मृति की शादी संगीतकार और फिल्म डायरेक्टर पलाश मुच्छल से होनी थी. दोनों 2019 से एक-दूसरे को डेट कर रहे थे और मुंबई के क्रिएटिव सर्कल में दोस्तों के जरिए मिले थे. शादी महाराष्ट्र के सांगली में दोपहर के समय होने वाली थी.
नई तारीख की अभी कोई जानकारी नहीं है. दोनों परिवारों ने परंपराओं का पूरा ख्याल रखा था और पहले राजस्थान के दीदवाना में स्थित कुलदेवी सूरल्या देवी को कार्ड भेजा था.
पिछले कुछ दिनों से शादी की तैयारियां जोरों पर थीं. मेहंदी, हल्दी और संगीत जैसे पारंपरिक रस्में हो चुकी थीं. इनमें स्मृति ने अपनी टीम की सहेलियों के साथ जमकर डांस किया.
एक वीडियो में स्मृति को अपनी साथियों संग खुशी से नाचते देखा गया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. मजेदार बात यह रही कि दुल्हन टीम बनाम दूल्हा टीम का एक क्रिकेट मैच भी खेला गया, जिसमें सब हंसते-खेलते मजे ले रहे थे.
स्मृति की कई टीम मेट्स इस खुशी के मौके पर सांगली पहुंची थीं. जेमिमा रोड्रिग्स, राधा यादव, शेफाली वर्मा, अरुंधति रेड्डी, शिवली शिंदे और ऋचा घोष जैसी खिलाड़ी शामिल हुईं.
पलाश की बहन पलक मुच्छल और उनके पति मिथून भी मौजूद थे. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी शादी के लिए बधाई संदेश भेजा था, जिसमें उन्होंने 23 नवंबर की तारीख का जिक्र किया था. लेकिन अब यह सब रुक गया है.