menu-icon
India Daily

IND vs SA: भारत को पहले टेस्ट के दौरान लगा झटका, शुभमन गिल हुए चोटिल

कोलकाता में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के दौरान भारत को बड़ा झटका लगा. दरअसल, कप्तान शुभमन गिल को चोट की वजह से मैदान छोड़ना पड़ा और वे आगे बल्लेबाजी जारी नहीं रख सके.

mishra
IND vs SA: भारत को पहले टेस्ट के दौरान लगा झटका, शुभमन गिल हुए चोटिल
Courtesy: @devveshpandey (X)

नई दिल्ली: भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच कोलकाता के ईडन गार्डेंस में चल रहे पहले टेस्ट मैच में भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है. कप्तान शुभमन गिल सिर्फ तीन गेंदें खेलने के बाद चोटिल होकर मैदान से बाहर चले गए. 

यह घटना सुबह के सत्र में हुई, जब गिल ने एक बाउंड्री मारी लेकिन उसके तुरंत बाद अपनी गर्दन पकड़ ली. उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा और बल्लेबाजी जारी नहीं रख सके.

मैच की शुरुआत और दक्षिण अफ्रीका की पारी

मैच की शुरुआत में दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी. उनकी टीम मजबूत स्थिति में थी, जब 10 ओवर में बिना किसी नुकसान के 57 रन बना लिए थे. लेकिन जसप्रीत बुमराह की शानदार गेंदबाजी ने सब कुछ बदल दिया. सिर्फ दो सत्रों में दक्षिण अफ्रीका की पूरी टीम 102 रन पर ढेर हो गई. उनकी पारी महज चार घंटे 13 मिनट तक चली. 

पहले दिन का खेल खत्म होने पर भारत ने 20 ओवर में 1 विकेट खोकर 37 रन बनाए थे. केएल राहुल 59 गेंदों पर 13 रन और वॉशिंगटन सुंदर 38 गेंदों पर 6 रन बनाकर क्रीज पर थे. यशस्वी जायसवाल 12 रन बनाकर मार्को जेनसेन की गेंद पर बोल्ड हो गए थे.

दूसरे दिन की सुबह और गिल की चोट

दूसरे दिन भारत ने 37/1 से अपनी पारी आगे बढ़ाई. केएल राहुल और वॉशिंगटन सुंदर ने सतर्कता से खेलते हुए दूसरी विकेट के लिए 57 रन जोड़े. सुंदर 82 गेंदों पर 29 रन (दो चौके, एक छक्का) बनाकर साइमन हार्मर का शिकार बने.

गिल के गर्दन में आई चोट

इसके बाद कप्तान गिल बल्लेबाजी करने उतरे. पिच मुश्किल हो रही थी, इसलिए गिल ने आक्रामक रुख अपनाया. अपनी पहली गेंद पर स्वीप शॉट से चौका जड़ा. लेकिन इसी शॉट के दौरान उनकी गर्दन में ऐंठन हो गई. 

कमेंटेटर चेतेश्वर पुजारा ने इसे गर्दन का स्पाज्म बताया. फिजियो मैदान पर दौड़े आए और कुछ देर बाद गिल 4 रन पर रिटायर्ड हर्ट होकर पवेलियन लौट गए. उनकी जगह ऋषभ पंत बल्लेबाजी के लिए उतरे.

राहुल भी हुए ऑउट

गिल के जाने के बाद केएल राहुल ने भी संघर्ष किया. वे 119 गेंदों पर 39 रन (चार चौके, एक छक्का) बनाकर आउट हो गए. एडन मार्क्रम ने उनकी शानदार कैच लिया. अब भारतीय टीम पर दबाव बढ़ गया है क्योंकि पिच स्पिन गेंदबाजों की मदद कर रही है.

Topics