menu-icon
India Daily

संजू सैमसन और रविंद्र जडेजा का ट्रेड हुआ कंफर्म, स्टार ऑलराउंडर की फीस में हुई भारी कटौती

संजू सैमसन और रविंद्र जडेजा के ट्रेड की अब आधिकारिक पुष्टि हो चुकी है. सैमसन अब चेन्नई के लिए खेलते हुए दिखाई देंगे, जबकि जडेजा राजस्थान का हिस्सा होंगे.

mishra
संजू सैमसन और रविंद्र जडेजा का ट्रेड हुआ कंफर्म, स्टार ऑलराउंडर की फीस में हुई भारी कटौती
Courtesy: X

नई दिल्ली: आईपीएल की रिटेंशन डेडलाइन से कुछ घंटे पहले बीसीसीआई ने आठ बड़े ट्रेड सौदों की पुष्टि की है. इनमें सबसे चर्चित नाम संजू सैमसन और रविंद्र जडेजा का है. संजू राजस्थान रॉयल्स से चेन्नई सुपर किंग्स में चले गए हैं, जबकि जडेजा और सैम करन राजस्थान की टीम में शामिल हो गए हैं. 

बता दें कि पिछले कुछ समय से संजू और जडेजा के ट्रेड की बातें चल रही थी और अब इसकी आधिकारिक पुष्टि हो चुकी है. हालांकि, जडेजा की फीस में 4 करोड़ रुपये की भारी कटौती हुई है.

संजू और जडेजा की अदला-बदली

संजू सैमसन अब चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलेंगे. वे 18 करोड़ रुपये में सीएसके पहुंचे हैं. बदले में रविंद्र जडेजा राजस्थान रॉयल्स में जाएंगे लेकिन उनकी फीस 18 करोड़ से घटकर 14 करोड़ रुपये हो गई है. 

जडेजा ने चेन्नई के लिए 12 सीजन खेले थे और 250 से ज्यादा मैच का अनुभव रखते हैं. सैम करन भी राजस्थान जाएंगे, जिनकी कीमत 2.4 करोड़ रुपये तय हुई है. आईपीएल के बयान में कहा गया कि ट्रेड समझौते के तहत जडेजा की लीग फीस को संशोधित किया गया है.

लखनऊ की दो बड़ी खरीदारी

लखनऊ सुपर जायंट्स ने भी दो महत्वपूर्ण खिलाड़ी हासिल किए. मोहम्मद शमी सनराइजर्स हैदराबाद से 10 करोड़ रुपये में लखनऊ आए हैं. अर्जुन तेंदुलकर मुंबई इंडियंस से सिर्फ 30 लाख रुपये में लखनऊ की टीम में शामिल हुए हैं.

IPL 2026 के लिए अन्य ट्रेड

मयंक मरकंडे कोलकाता नाइट राइडर्स से मुंबई इंडियंस में तीसरी बार लौटे हैं. उनकी कीमत 30 लाख रुपये है.
नितीश राणा, जो कभी कोलकाता के कप्तान थे, दिल्ली कैपिटल्स में चले गए हैं. 

वे 4.2 करोड़ रुपये में ट्रेड हुए. दक्षिण अफ्रीकी डोनोवन फरेरा दिल्ली कैपिटल्स के एक सीजन बाद फिर राजस्थान रॉयल्स में लौट आए हैं. उनकी कीमत 1 करोड़ रुपये है.

बीसीसीआई द्वारा पुष्टि किए गए सभी 8 ट्रेड

  • रविंद्र जडेजा- राजस्थान रॉयल्स (14 करोड़ रुपये)  
  • संजू सैमसन- चेन्नई सुपर किंग्स (18 करोड़ रुपये)  
  • सैम करन- राजस्थान रॉयल्स (2.4 करोड़ रुपये)  
  • मोहम्मद शमी- लखनऊ सुपर जायंट्स (10 करोड़ रुपये)  
  • अर्जुन तेंदुलकर- लखनऊ सुपर जायंट्स (30 लाख रुपये)  
  • मयंक मरकंडे- मुंबई इंडियंस (30 लाख रुपये)  
  • नितीश राणा- दिल्ली कैपिटल्स (4.2 करोड़ रुपये)  
  • डोनोवन फरेरा- राजस्थान रॉयल्स (1 करोड़ रुपये)