menu-icon
India Daily

बिहार में बदलाव हो रहा है, 14 तारीख को लिखा जाएगा नया इतिहास, बंपर वोटिंग के बाद प्रशांत किशोर का दावा

जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने मतदान प्रतिशत में भारी वृद्धि को जनता की नाराजगी का संकेत बताया. उन्होंने कहा कि पिछले 30 वर्षों में पहली बार इतना उच्च मतदान हुआ है.

Gyanendra Sharma
बिहार में बदलाव हो रहा है, 14 तारीख को लिखा जाएगा नया इतिहास, बंपर वोटिंग के बाद प्रशांत किशोर का दावा
Courtesy: X- @MrDemocratic_

पटना: बिहार में लोकतंत्र के महापर्व का आगाज हो चुका है.  6 नवंबर 2025 को विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया.  राज्य के 18 जिलों की 121 सीटों पर सुबह 7 बजे से शुरू हुई वोटिंग शाम 6 बजे तक चली.  सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक 64.46 फीसदी वोटिंग हुई है.  2020 में 56.9 फीसदी वोटिंग हुई थी.  पिछली बार से इस बार 7.50% ज्यादा वोटिंग हुई है. 

इस चरण में बेगूसराय जिले में सबसे ज्यादा 67.32 प्रतिशत वोटिंग हुई, जबकि शेखपुरा में सबसे कम 52.36 प्रतिशत रही.  अन्य जिलों में सहरसा (62.65%), गोपालगंज (64.96%), मुजफ्फरपुर (64.63%) और मधेपुरा (65.74%) जैसे क्षेत्रों में मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया.  ग्रामीण इलाकों में महिलाओं और युवाओं की लंबी कतारें लोकतंत्र की मजबूती का प्रतीक बनीं.  कुल 3.75 करोड़ से अधिक मतदाताओं ने 1,314 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में कैद की. 

प्रशांत किशोर का दावा: बदलाव की बयार बह रही

जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने मतदान प्रतिशत में भारी वृद्धि को जनता की नाराजगी का संकेत बताया.  उन्होंने कहा कि पिछले 30 वर्षों में पहली बार इतना उच्च मतदान हुआ है, जो साफ दर्शाता है कि बिहार की जनता नई व्यवस्था और बदलाव की ओर अग्रसर है. किशोर की पार्टी इस चुनाव में सभी 243 सीटों पर अकेले मैदान में उतरी है और खुद को एनडीए तथा महागठबंधन का विकल्प बता रही है.  प्रशांत किशोर का कहना है कि पिछले साल में इस बार हुई सबसे ज्यादा वोटिंग ये बताता है कि जनता बदलाव चाहती है और नई व्यवस्था आने जा रही है.

महागठबंधन का आत्मविश्वास

दूसरी तरफ, महागठबंधन के नेता भी उत्साहित हैं.  भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के महासचिव एमए बेबी ने मतदान के दिन बयान देते हुए कहा कि अभियान को बिहार के लोगों से जबरदस्त समर्थन मिला है.  विशेष रूप से युवा वर्ग 'नफरत की राजनीति' को पूरी तरह अस्वीकार करेगा.  महागठबंधन ने बेरोजगारी, महिला सशक्तिकरण और किसान कल्याण जैसे मुद्दों पर जोर दिया है.  2020 में इन 121 सीटों पर महागठबंधन ने बढ़त बनाई थी, अब वे इसे दोहराने की उम्मीद कर रहे हैं. 

सम्राट ने किया 100 से अधिक सीट पर जीत का दावा

बीजेपी ने भी पहले चरण में 100 सीट जीतने का दावा किया. बीजेपी नेता और डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि हम 100 सीटों पर जीत रहे हैं. जिस तरह 2010 में लालू परिवार से कोई जीत कर नहीं आया था इस बार भी लालू परिवार से कोई जीतने वाला नहीं है.