नई दिल्ली: टी20 विश्व कप 2026 का आयोजन जारी है. मेजबान श्रीलंका ने जीत के साथ टूर्नामेंट में अपने अभियान की शुरूआत की है. इस बीच श्रीलंकाई टीम को बड़ा झटका लगा है. स्टार स्पिन ऑलराउंडर वानिन्दु हसरंगा हैमस्ट्रिंग इंजरी के कारण टी20 विश्व कप 2026 से बाहर हो गए हैं.
रिपोर्ट के अनुसार, हसरंगा के बाएं पैर की मांसपेशी में गंभीर खिंचाव आया है. MRI स्कैन के बाद डॉक्टरों ने उन्हें तुरंत क्रिकेट से ब्रेक लेने की सलाह दी है. मेडिकल टीम का मानना है कि अगर उन्होंने जल्दबाजी दिखाई तो चोट और गंभीर हो सकती है. इसी वजह से श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने उन्हें टूर्नामेंट से बाहर करने का फैसला लिया.
हसरंगा ने आयरलैंड के खिलाफ जबरदस्त गेंदबाजी की थी. चार ओवरों में उन्होंने 25 रन देकर तीन अहम विकेट लिए. उनकी गेंदबाजी के दम पर श्रीलंका ने 164 रन के लक्ष्य का बचाव करते हुए आयरलैंड को 20 रन से हराया था. मैच के दौरान उनके रनअप और फॉलो थ्रू में परेशानी साफ नजर आ रही थी, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने अंत तक गेंदबाजी जारी रखी और विपक्षी बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा.
वानिन्दु हसरंगा का बाहर होना श्रीलंका के लिए किसी बड़े झटके से कम नहीं है. वह श्रीलंका के लिए सबसे ज्यादा टी20 विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं. उन्होंने 95 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 154 विकेट चटकाए हैं. इसके अलावा टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में वह बांग्लादेश के शाकिब अल हसन के बाद दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं. हसरंगा ने केवल 20 वर्ल्ड कप मैचों में 40 विकेट लिए हैं.
अब श्रीलंका टीम को आगे के मुकाबलों में हसरंगा के बिना उतरना होगा. श्रीलंका का अगला मुकाबला 12 फरवरी को ओमान के खिलाफ पल्लेकेले में खेला जाएगा. इसके बाद 16 फरवरी को ऑस्ट्रेलिया और 19 फरवरी को जिम्बाब्वे से टक्कर होगी.
रिपोर्ट के मुताबिक, हसरंगा की जगह लेग स्पिनर दुशान हेमंथा को टीम में शामिल किया जा सकता है. 31 वर्षीय हेमंथा अब तक श्रीलंका के लिए पांच वनडे और तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं. इन मैचों में उन्होंने कुल छह विकेट लिए हैं. टी20 क्रिकेट में उनका इकॉनमी रेट 7.85 रही है. अब सबकी नजरें इस बात पर होंगी कि वह इतने बड़े मंच पर खुद को कितना साबित कर पाते हैं.