1 सीजन, 2 शतक, 1 अर्धशतक… IPL में भी बल्ले से आग उगल रहे संजू! T20 WC के हीरो क्या ODI में करेंगे एंट्री?

चेन्नई सुपर किंग्स के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन टी20 विश्व कप के बाद अब आईपीएल 2026 में भी अपने बल्ले से धमाल मचा रहे हैं. उन्होंने डीसी के खिलाफ लीग के 48वें मुकाबले में प्रहार करते हुए 87 रनों की तूफानी पारी खेली.

X (@ImTanujSingh)
Meenu Singh

नई दिल्ली: चेन्नई सुपर किंग्स के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन टी20 विश्व कप के बाद अब आईपीएल 2026 में भी अपने बल्ले से धमाल मचा रहे हैं. उन्होंने डीसी के खिलाफ लीग के 48वें मुकाबले में प्रहार करते हुए 87 रनों की तूफानी पारी खेली. इस जीत  के बाद अब चारों ओर सीएसके के इस धुरंधर बल्लेबाज की ही चर्चा हो रही है.

इस सीजन संजू अपने बल्ले से कमाल कर रहे हैं. उन्होंने अभी तक इस सीजन 2 शतक और एक अर्धशतक जड़ा है. उनके इस प्रदर्शन के बाद अब सवाल उठ रहे हैं कि क्या  इस प्रदर्शन के आधार पर संजू सैमसन को आगामी वनडे वर्ल्ड कप में मौका मिल सकता है या नहीं. 

T20WC 2026 के बाद IPL 2026 में काट रहे गदर 

टी20 विश्व कप 2026 के बाद सीएसके के धुरंधर संजू सैमसन इस सीजन एक अलग ही रौद्र रूप में नजर आ रहे हैं. उन्होंने गेंदबाजों की क्लास लगाते हुए 10 मैचों में 2 शतक और एक अर्धशतक जड़े हैं. इतना ही नहीं संजू ने लड़खड़ाती सीएसके को संभाला और उसे अभी भी प्लेऑफ की रेस में बनाए रखा है. 

 IPL 2026 में अब तक सैमसन का सफर 

गौरतलब है कि संजू सैमसन ने अब तक कुल दस मुकाबले खेले हैं जिनमें उन्होंने 57.42 की औसत और 167.50 की स्ट्राइक रेट से 402 रन बनाए हैं. इस प्रदर्शन की बदौलत ही संजू इस सीजन ऑरेंज कैप जीतने के प्रबल दावेदार हैं. 

क्या वनडे होगी वापसी

अब सवाल यह उठता है कि क्या इस प्रदर्शन के बाद अब संजू को वनडे प्रारूप में वापसी का मौका मिलेगा. दरअसल ये सवाल इसलिए उठ रहे हैं क्योंकि संजू पिछले कुछ महीनों से बल्ले से लगातार शानदार दिख रहे हैं. उन्होंन टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल और फाइनल में भी 89-89 रनों की पारी खेली थी जिसके बाद अब सेलेक्टर्स संजू के वनडे सेलेक्शन के बारे में विचार कर रहे हैं. 

क्योंकि ऋषभ पंत अच्छी फॉर्म में नहीं हैं और केएल राहुल विकेटकीपर-बल्लेबाज के तौर पर मैनेजमेंट की पहली पसंद हैं. ऐसे में सैमसन बैकअप विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में काम कर सकते हैं. मैनेजमेंट उन्हें एक विशेषज्ञ बल्लेबाज के रूप में भी मैदान पर उतार सकती है. 2027 वनडे विश्व कप में अब 18 महीने से भी कम समय बचा है तो बीसीसीआई अभी से ही आईसीसी टूर्नामेंट के लिए रोडमैप तैयार कर रही है. 

कुछ ऐसा है संजू सैमसन का ODI करियर

अब अगर दाएं हाथ के बल्लेबाज संजू सैमसन के वनडे करियर की बात करें तो उन्होंने 2021 में श्रीलंका के खिलाफ वनडे में डेब्यू किया था. उन्होंने अब 16 मैचों की 14 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए 56.66 की औसत से 510 रन बनाए हैं. इन दौरान उनका बेस्ट स्कोर 108 रहा है.