menu-icon
India Daily

सावधान! खाली पेट चुकंदर का जूस पीना हो सकता है नुकसानदायक, इन लोगों करना चाहिए परहेज

खाली पेट चुकंदर का जूस हर किसी के लिए फायदेमंद नहीं होता और कुछ लोगों के लिए परेशानी बढ़ा सकता है. चलिए जानते हैं किन-किन लोगों को इससे परहेज करना चाहिए.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
सावधान! खाली पेट चुकंदर का जूस पीना हो सकता है नुकसानदायक, इन लोगों करना चाहिए परहेज
Courtesy: Pinterest

नई दिल्ली: आजकल फिटनेस और हेल्दी लाइफस्टाइल के ट्रेंड के बीच चुकंदर का जूस काफी लोकप्रिय हो गया है. कई लोग सुबह खाली पेट इसे पीना अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना चुके हैं. हालांकि हेल्थ एक्सपर्ट्स का कहना है कि यह जूस हर किसी के लिए फायदेमंद नहीं होता और कुछ लोगों के लिए परेशानी बढ़ा सकता है.

चुकंदर में आयरन, फोलेट, पोटैशियम, एंटीऑक्सीडेंट और प्राकृतिक नाइट्रेट्स भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं. यह शरीर में खून बढ़ाने, ऊर्जा देने और ब्लड फ्लो बेहतर करने में मदद करता है लेकिन जरूरत से ज्यादा सेवन या गलत समय पर इसे पीना नुकसानदायक हो सकता है.

किन लोगों को करना चाहिए परहेज?

जिन लोगों को पाचन संबंधी समस्याएं रहती हैं, उन्हें खाली पेट चुकंदर का जूस पीने से बचना चाहिए. कई लोगों को इसे पीने के बाद गैस, पेट दर्द, सूजन, ऐंठन या दस्त की शिकायत हो सकती है. एक्सपर्ट्स के अनुसार इसमें मौजूद फाइबर और नाइट्रेट्स कुछ लोगों के पाचन तंत्र पर तेज असर डालते हैं.

पेशाब या मल पर क्या पड़ता है असर?

अगर चुकंदर का जूस पीने के बाद पेशाब या मल का रंग लाल हो जाए तो घबराने की जरूरत नहीं है. इस स्थिति को बीटुरिया कहा जाता है. यह चुकंदर के प्राकृतिक रंग के कारण होता है और आमतौर पर गंभीर नहीं होता.

नेशनल किडनी फाउंडेशन के अनुसार चुकंदर में ऑक्सलेट की मात्रा अधिक होती है. इसके वजह से किडनी स्टोन बनने का खतरा बढ़ सकता है. जिन लोगों को पहले से किडनी स्टोन या किडनी की बीमारी है, उन्हें इसका सेवन सीमित मात्रा में करना चाहिए.

लो ब्लड प्रेशर वाले लोगों को भी सावधानी बरतनी चाहिए. चुकंदर का जूस ब्लड प्रेशर को कम कर सकता है. अगर कोई पहले से बीपी की दवा ले रहा है तो उसे कमजोरी या चक्कर आने की समस्या हो सकती है.

डायबिटीज मरीजों को भी डॉक्टर की सलाह के बिना इसका अधिक सेवन नहीं करना चाहिए क्योंकि इसमें प्राकृतिक शुगर मौजूद होती है. गर्भवती महिलाओं को भी इसे अपनी डाइट में शामिल करने से पहले डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए.

चुकंदर का जूस पूरी तरह नुकसानदायक नहीं है लेकिन इसे सीमित मात्रा में पीना चाहिए. शरीर में किसी तरह की परेशानी दिखे तो तुरंत सेवन बंद करें और डॉक्टर से सलाह लें.