नई दिल्ली: सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए एक अच्छा अवसर सामने आया है. संघ लोक सेवा आयोग ने तकनीकी और शिक्षण क्षेत्र के कई पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की है. इस भर्ती में इंजीनियरिंग और विज्ञान से जुड़े उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी गई है. आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन चल रही है और उम्मीदवार निर्धारित समय सीमा के भीतर फॉर्म भर सकते हैं. अगर आप भी इस नौकरी के लिए इच्छुक है तो आवदन कर सकते हैं.
इस भर्ती अभियान में साइंटिस्ट-बी, वैज्ञानिक अधिकारी, पुरातत्व अभियंता और सहायक प्रोफेसर जैसे पद शामिल हैं. हर पद की जिम्मेदारी अलग है और उसी के अनुसार योग्यता भी तय की गई है. यह भर्ती खासतौर पर उन उम्मीदवारों के लिए है, जिनके पास तकनीकी ज्ञान और संबंधित क्षेत्र में अनुभव है. इससे योग्य उम्मीदवारों को अपने करियर को आगे बढ़ाने का अच्छा मौका मिल सकता है.
साइंटिस्ट-बी के लिए भौतिकी में मास्टर डिग्री या इंजीनियरिंग की डिग्री जरूरी है, साथ ही अनुभव भी मांगा गया है. वैज्ञानिक अधिकारी पद के लिए भी तकनीकी योग्यता के साथ प्रयोगशाला का अनुभव जरूरी है. पुरातत्व अभियंता के लिए सिविल इंजीनियरिंग में डिग्री और कई वर्षों का अनुभव अनिवार्य है. वहीं सहायक प्रोफेसर के लिए उच्च शिक्षा में फर्स्ट क्लास डिग्री जरूरी रखी गई है.
हर पद के लिए अलग-अलग आयु सीमा तय की गई है. साइंटिस्ट-बी के लिए अधिकतम उम्र 35 साल है, जबकि वैज्ञानिक अधिकारी के लिए 33 साल निर्धारित की गई है. पुरातत्व अभियंता के लिए यह सीमा 40 साल तक है और कुछ श्रेणियों को अतिरिक्त छूट भी दी गई है. सहायक प्रोफेसर पद के लिए अधिकतम उम्र 38 साल रखी गई है, जिसमें आरक्षित वर्गों को नियमों के अनुसार राहत मिलेगी.
चयनित उम्मीदवारों को 47,000 रुपये से लेकर 2.8 लाख रुपये तक का वेतन मिल सकता है. यह पद और अनुभव के अनुसार अलग-अलग होगा. आवेदन शुल्क सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के पुरुष उम्मीदवारों के लिए 25 रुपये रखा गया है. वहीं महिला, एससी, एसटी और दिव्यांग उम्मीदवारों को शुल्क में पूरी छूट दी गई है, जिससे अधिक लोग आवेदन कर सकें.
इच्छुक उम्मीदवार 15 मई 2026 शाम 6 बजे तक आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. आवेदन प्रक्रिया में पहले रजिस्ट्रेशन करना होगा, फिर जरूरी जानकारी भरनी होगी. इसके बाद दस्तावेज अपलोड कर शुल्क का भुगतान करना होगा. सभी जानकारी सही भरने के बाद फॉर्म सबमिट किया जा सकता है. समय सीमा के बाद आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे.