menu-icon
India Daily

Pakistan Afghanistan Clash: पाकिस्तान-अफगानिस्तान 48 घंटे के सीजफायर के लिए तैयार, बॉर्डर पर झड़प में 50 लोंगों की हुई मौत

Pakistan Afghanistan Clash: अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच जारी तनाव पर अंकुश लगता नजर आ रहा है. रिपोर्ट्स के मुताबिक पाकिस्तान और अफगानिस्तान 48 घंटे के सीजफायर के लिए सहमत हो गए हैं.

Kanhaiya Kumar Jha
Pakistan Afghanistan Clash: पाकिस्तान-अफगानिस्तान 48 घंटे के सीजफायर के लिए तैयार, बॉर्डर पर झड़प में 50 लोंगों की हुई मौत
Courtesy: Gemini AI

Pakistan Afghanistan Clash: अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच जारी तनाव पर अंकुश लगता नजर आ रहा है. रिपोर्ट्स के मुताबिक दोनों देश 48 घंटे के सीजफायर के लिए सहमत हो गए हैं. बता दें कि दोनों देशों की तरफ से लगातार हो रहे हमलों में अब तक दर्जनों लोगों की मौत हो चुकी है. इससे पहले कई देशों ने दोनों देशों से संयम बरतने की भी अपील की है.  

बता दें कि आज ही तालिबान ने एक वीडियो जारी कर दावा किया था कि उसने पाकिस्तानी चौकी पर ड्रोन अटैक किया. दोनों देशों के बीच बीते कुछ दिनों से लगातार तनाव की स्थिति बनी हुई थी और दोनों ओर से हमले किए जा रहे थे. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक दोनों देशों के बीच जारी जंग में पाकिस्तान को ज्यादा नुकसान हुआ है, जबकि अफगानिस्तान को भी इसमें नुकसान हुआ है.  

अफगानिस्तान पर आतंकवादी समूहों को पनाह देने का आरोप लगाता रहा है पाकिस्तान

इस्लामाबाद ने अफ़ग़ानिस्तान पर पाकिस्तानी तालिबान तहरीक-ए-तालिबान (टीटीपी) के नेतृत्व वाले आतंकवादी समूहों को अपनी धरती पर पनाह देने का आरोप लगाया है, हालांकि काबुल इस दावे का खंडन करता है. पिछले हफ़्ते अफ़ग़ानिस्तान में हुए विस्फोट ऐसे समय हुए, जब तालिबान के शीर्ष राजनयिक भारत की यात्रा पर थे. अभी तक किसी भी समूह ने इन विस्फोटों की ज़िम्मेदारी नहीं ली है.

पिछले हफ़्ते अफगानिस्तान में हुए विस्फोटों के बाद से दोनों देशों के बीच बढ़ा तनाव

दरअसल, पिछले हफ़्ते अफगानिस्तान में हुए विस्फोटों के बाद से दोनों पड़ोसी देशों के बीच हिंसा भड़क उठी है, जिनमें राजधानी काबुल में हुए दो विस्फोट भी शामिल हैं. इन धमाकों के लिए पाकिस्तान को ज़िम्मेदार ठहराया गया था. तालिबान सरकार ने जवाबी कार्रवाई में अपनी दक्षिणी सीमा के कुछ हिस्सों पर हमला शुरू कर दिया, जिसके बाद इस्लामाबाद ने अपनी ओर से कड़ी प्रतिक्रिया देने का संकल्प लिया.