menu-icon
India Daily

व्हाइट हाउस डिनर फायरिंग के आरोपी को लेकर नया बवाल, जानें क्या है 'सुसाइड वॉच' जिसे हटाने के लिए कोर्ट में उठी मांग

वॉशिंगटन फायरिंग केस के आरोपी कोल टॉमस एलन के वकीलों ने अदालत में उसे सुसाइड वॉच से हटाने की मांग की है. चलिए जानते हैं क्या है सुसाइड वॉच.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
व्हाइट हाउस डिनर फायरिंग के आरोपी को लेकर नया बवाल, जानें क्या है 'सुसाइड वॉच' जिसे हटाने के लिए कोर्ट में उठी मांग
Courtesy: @Lt_Kizhe x account

नई दिल्ली: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की हत्या की कथित साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार किए गए व्यक्ति को लेकर एक कानूनी विवाद गहराता जा रहा है. शनिवार को संदिग्ध के वकीलों ने वॉशिंगटन की एक अदालत में याचिका दायर कर मांग की कि जेल में उन पर लागू 'सुसाइड वॉच' प्रोटोकॉल को हटा दिया जाए. उनका तर्क है कि यह कदम अत्यधिक कठोर है और संदिग्ध के मौलिक अधिकारों का हनन करता है.

संदिग्ध की पहचान कोल टॉमस एलन के रूप में हुई है, जिस पर 25 अप्रैल को वॉशिंगटन हिल्टन होटल में आयोजित व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर के दौरान सुरक्षा घेरा तोड़ने और शॉटगन से गोली चलाने की कोशिश करने का आरोप है. यह कार्यक्रम अमेरिकी राजनीति और मीडिया जगत में अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है, जिसमें घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों क्षेत्रों के कई प्रमुख नेता और पत्रकार शामिल होते हैं. संदिग्ध एलन को 27 अप्रैल को गिरफ्तार किया गया था और हिरासत में भेज दिया गया था.

क्या होता है 'सुसाइड वॉच'?

'सुसाइड वॉच' का मतलब किसी कैदी, आरोपी व्यक्ति या मानसिक रूप से बीमार व्यक्ति की कड़ी और निरंतर निगरानी से है, जिससे उसे खुद को नुकसान पहुंचाने या आत्महत्या करने से रोका जा सके.

कोल थॉमस एलन के वकीलों ने क्या दिया तर्क?

कोल टॉमस एलन के वकीलों ने अदालत में तर्क दिया कि संदिग्ध को शुरू में एक सुरक्षित सेल में रखा गया था, जहां उस पर चौबीसों घंटे कड़ी निगरानी रखी जाती थी. इस दौरान उसे एक विशेष जैकेट जो 'स्ट्रेटजैकेट' जैसी दिखती थी.उसे पहनने के लिए मजबूर किया गया, जिससे उसकी शारीरिक गतिविधियों पर रोक लग गई थी. 

बाद में संभावित रूप से खुद को नुकसान पहुंचाने की आशंका का हवाला देते हुए, उसे एक आत्महत्या-रोधी एहतियाती सेल में स्थानांतरित कर दिया गया. इन परिस्थितियों में उसे फोन कॉल करने या परिवार के सदस्यों अथवा अन्य व्यक्तियों से मिलने की अनुमति नहीं दी गई. केवल उसके कानूनी वकील को ही मिलने की छूट थी.

और किन-किन चीजों पर लगी रोक?

इसके अलावा, उसे अपनी सेल से बाहर निकलने की अनुमति केवल सुरक्षा कर्मियों की सीधी निगरानी में ही है, चाहे उसका उद्देश्य कानूनी परामर्श लेना हो या शौचालय जाना हो. वकीलों का तर्क है कि ये सभी प्रतिबंध दंडात्मक प्रकृति के हैं और आरोपी को उसके बुनियादी अधिकारों से वंचित करते हैं, जैसे कि अपने परिवार से संपर्क करने का अधिकार. उन्होंने आगे कहा कि एलन को जेल में उपलब्ध टैबलेट सुविधा का उपयोग करने से भी वंचित रखा गया है, जिसके माध्यम से कैदी अपने परिवारों से संवाद कर पाते हैं.

याचिका में और क्या-क्या है?

याचिका में यह भी उल्लेख किया गया है कि शुक्रवार को एक नर्स ने इन कड़े प्रतिबंधों को हटाने की सिफारिश की थी. हालांकि इस सिफारिश के बावजूद वकीलों के दौरे के दौरान भी पाबंदियां लागू रहीं. एलन पर गंभीर आरोप हैं, जिनमें हत्या का प्रयास, हिंसक अपराध के दौरान हथियार का इस्तेमाल और राज्यों की सीमाओं के पार हथियारों और गोला-बारूद की अवैध ढुलाई शामिल है. 

फिलहाल उन्होंने इन आरोपों के संबंध में कोई औपचारिक दलील पेश नहीं की है. यह मामला अदालत में लंबित है और आने वाले दिनों में इसकी सुनवाई होनी है.